IPL 2026 में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में सबकी नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर थीं, लेकिन इस बार नतीजा बिल्कुल उल्टा निकला. शानदार फॉर्म में चल रहे इस वैभव को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में पहली ही गेंद पर आउट होकर गोल्डन डक का सामना करना पड़ा.
इससे पहले सूर्यवंशी इस सीजन में 52, 31, 39 और 78 जैसी दमदार पारियां खेल चुके थे, लेकिन इस मैच में उनका खाता भी नहीं खुल सका. यह उनके IPL करियर का पहला गोल्डन डक रहा. इससे पहले वह 2025 में एक बार शून्य पर आउट हुए थे, लेकिन तब उन्होंने दो गेंदें खेली थीं.
यह भी पढ़ें: RR vs SRH: कौन हैं प्रफुल हिंगे... जिन्होंने IPL डेब्यू के पहले ही ओवर में रचा इतिहास, कोई नहीं कर सका ऐसा
प्रफुल ने मचाई सनसनी
वैभव का विकेट झटका आईपीएल में डेब्यू कर रहे प्रफुल हिंगे ने. प्रफुल ने वो काम किया जो इस सीजन जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर जैसे तमाम दिग्गज नहीं कर सके थे. प्रफुल ने अपने ओवर की दूसरी ही गेंद पर वैभव का विकेट झटका. फिर इसी ओवर में उन्होंने ध्रुव जुरेल और प्रोटेरियस को भी पवेलियन भेजा. प्रफुल आईपीएल इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने पारी के पहले ही ओवर में तीन विकेट झटके हों.
ईशान किशन का तूफान
दूसरी ओर, ईशान किशन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 44 गेंदों में 91 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे. किशन ने Heinrich Klaasen (40 रन) के साथ 88 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उनकी इस पारी के दम पर हैदराबाद ने 216 रन बनाए.
इस मुकाबले की बात करें तो हैदराबाद के 217 रनों के जवाब में राजस्थान की टीम केवल 159 के स्कोर पर ही सिमट गई. हैदराबाद के दो गेंदबाजों प्रफुल और साकिब हुसैन ने कुल 8 विकेट झटके. दोनों इस मुकाबले में अपना डेब्यू कर रहे थे और दोनों ने ही 4-4 विकेट झटके.