इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार (7 अप्रैल ) को राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य और वर्तमान की सीधी टक्कर बनने जा रहा है.
एक तरफ युवा जोड़ी वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल हैं, जो आक्रामक अंदाज में नई कहानी लिख रहे हैं, तो दूसरी तरफ जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, जो मैच का रुख अकेले बदल सकते हैं.
Matchday in Guwahati 🏟️#RR and #MI ready to go at it under the lights tonight 🩷💙#TATAIPL | #KhelBindaas | #RRvMI | @rajasthanroyals | @mipaltan pic.twitter.com/bIn9aFALXa
— IndianPremierLeague (@IPL) April 7, 2026
भविष्य vs वर्तमान की कहानी
पिछले साल जयपुर में मुंबई इंडियंस के खिलाप दीपक चाहर की गेंद पर दो गेंद में शून्य पर आउट होने वाले वैभव सूर्यवंशी ने तब से जबरदस्त वापसी की है. अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड बनाने के बाद IPL 2026 में उन्होंने 17 गेंद में 52 और 18 गेंद में 31 रन की तूफानी पारियां खेलीं. अब वह पहली बार बुमराह का सामना कर सकते हैं. अगर यह टक्कर लंबी चली, तो मैच से ज्यादा चर्चा इसी मुकाबले की होगी.
राजस्थान का आत्मविश्वास सुपरहाई
राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 210 रन बनाकर सीजन की शानदार शुरुआत की. गेंदबाजों ने भी आखिरी ओवर में मैच बचा लिया. टीम इस जीत के बाद अपनी प्लेइंग XI में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी. कप्तान रियान पराग की अगुवाई में टीम संतुलित नजर आ रही है.
हार्दिक पंड्या की वापसी से MI को राहत
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी खबर हार्दिक पंड्या की वापसी है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बीमारी के कारण बाहर रहने के बाद वह गुवाहाटी में नेट्स पर गेंदबाजी करते दिखे हैं और प्लेइंग XI में वापसी तय मानी जा रही है. उनकी जगह खेलने वाले कॉर्बिन बॉश और दीपक चाहर को बाहर बैठना पड़ सकता है. ट्रेंट बोल्ट की भी वापसी लगभग तय है. हार्दिक का टीम में होना MI के संतुलन के लिए बेहद अहम है, चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, क्योंकि वो दोनों ही चीजों से मैच पलटने का माद्दा रखते हैं.
मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी चिंता क्या?
दिल्ली के खिलाफ मिली हार के बाद मुंबई की गेंदबाजी सवालों के घेरे में है. ऐसे में टीम बुमराह का इस्तेमाल पावरप्ले में ज्यादा कर सकती है, खासकर सूर्यवंशी जैसे आक्रामक बल्लेबाज को रोकने के लिए. यह भी देखने वाली बात होगी कि MI नई गेंद से किस जोड़ी को उतारती है, बोल्ट और बुमराह या हार्दिक के साथ कोई कॉम्बिनेशन.
MI vs RR मुकाबले में कौन से खिलाड़ी डेंजर?
जोफ्रा आर्चर अभी अपने पुराने खतरनाक रूप में भले न हों, लेकिन डेथ ओवर्स में उनकी यॉर्कर और बाउंसर अभी भी मैच पलट सकते हैं. गुजरात के खिलाफ उन्होंने इसका नमूना भी दिखाया.वहीं मयंक मार्कंडेय अब तक दो मैचों में बिना विकेट के महंगे साबित हुए हैं. अगर उन्हें मौका मिलता है तो मिडिल ओवर्स में खुद को साबित करना होगा.
तिलक vs आर्चर में कौन है भारी?
तिलक वर्मा का रिकॉर्ड आर्चर के खिलाफ शानदार रहा है. उन्होंने पिछले मुकाबले में आर्चर को लगातार तीन छक्के लगाए थे. T20 में भी वह 21 गेंद में 54 रन बना चुके हैं, सिर्फ एक बार आउट हुए हैं. यह मुकाबला MI की पारी की दिशा तय कर सकता है.
पिच और मौसम का हाल
गुवाहाटी की पिच इस सीजन में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रही है. पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ 127 रन पर सिमट गई थी. बारिश की संभावना के कारण पिच में नमी रह सकती है, जिससे शुरुआती ओवर्स में गेंदबाजों को स्विंग और सीम दोनों मिल सकता है.
मुंबई का बारसापारा में पहला मैच
यह मुंबई इंडियंस का गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में पहला मैच होगा. IPL में MI अब तक 30 अलग-अलग स्टेडियम में खेल चुकी है, यह उनका 31वां मैदान होगा.
राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग XI: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (wk), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा.
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (wk), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कंडेय/अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह