टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर बड़ा सस्पेंस खड़ा हो गया है. IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेल रहे रोहित को लेकर एक तरफ टीम मैनेजमेंट दावा कर रहा है कि वह पूरी तरह फिट हैं, जबकि दूसरी ओर रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) अब भी उनकी फिटनेस को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है.
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर रोहित शर्मा पूरी तरह फिट हैं, तो फिर वह लगातार सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ही क्यों खेल रहे हैं. हैमस्ट्रिंग इंजरी से वापसी के बाद रोहित शर्मा आईपीएल 2026 में बल्लेबाजी करने तो उतर रहे हैं, लेकिन फील्डिंग करते नजर नहीं आ रहे. मुंबई इंडियंस उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल कर रही है.
यह भी पढ़ें: साई सुदर्शन OUT, 2 खिलाड़ियों का डेब्यू... अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में बदली दिखेगी शुभमन ब्रिगेड
यही बात अब चर्चा और सवालों की सबसे बड़ी वजह बन गई है. मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि रोहित शर्मा पूरी तरह फिट हैं और उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल करना सिर्फ टीम कॉम्बिनेशन का हिस्सा है.
जयवर्धने ने रोहित को लेकर क्या कहा?
राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मुकाबले से पहले महेला जयवर्धने ने कहा, 'हमारी मेडिकल टीम के अनुसार रोहित 100 प्रतिशत फिट हैं. इंजरी से वापसी के बाद पहले मैच में हमने सावधानी बरती थी, लेकिन अब उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल करना सिर्फ रणनीति है. रोहित टीम के लिए जो जरूरी है, उसे अच्छे से समझते हैं.'
इसी बीच टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई को रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर अब भी चिंता है, खासकर 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए. रिपोर्ट में दावा किया गया कि बोर्ड की सबसे बड़ी चिंता रोहित के शरीर की 'लोड क्षमता' को लेकर है. आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर रूल होने के कारण उन्हें फील्डिंग नहीं करनी पड़ती, लेकिन वनडे क्रिकेट में ऐसा संभव नहीं होगा.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा फिट नहीं तो फिर कौन? ODI वर्ल्ड कप 2027 के लिए BCCI ने तैयार किया नया ओपनिंग प्लान
बीसीसीआई सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, 'रोहित अब पहले से ज्यादा फिट और स्लिम दिख रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या उनका शरीर लगातार हाई-परफॉर्मेंस क्रिकेट का दबाव झेल पाएगा. वनडे में 50 ओवर फील्डिंग करनी होती है और 40 साल की उम्र के करीब शरीर को रिकवर होने में ज्यादा समय लगता है.'
यही वजह है कि अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में चुने जाने के बावजूद रोहित शर्मा को फिटनेस टेस्ट पास करना जरूरी बताया गया है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अगर रोहित शर्मा पूरी तरह फिट नहीं पाए जाते, तो बीसीसीआई को बैकअप ओपनर्स तैयार रखने होंगे. इसी वजह से यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को लगातार मौके देने की चर्चा हो रही है.