scorecardresearch
 

नीतीश IN, शिवम दुबे OUT... इंदौर T20 में फेरबदल करेगी टीम इंडिया, वैभव सूर्यवंशी फिर बैठेंगे बेंच पर

सीरीज 1-1 से बराबरी पर होने के कारण तीसरे टी20 में दोनों टीमों पर दबाव रहेगा. भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी में सुधार और मध्यक्रम का बेहतर योगदान अहम होगा. साथ ही प्लेइंग-11 को लेकर फैसला कॉम्बिनेशन और टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर निर्भर करेगा.

Advertisement
X
भारत-वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 इंदौर में. (Photo: Getty Images)
भारत-वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 इंदौर में. (Photo: Getty Images)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर (रविवार) को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है. भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा. यह मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी सीरीज के लिए अहम साबित हो सकता है. रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को छह विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 से बराबरी की थी.

अब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम की नजरें इस मुकाबले में वापसी करने पर होगी. इसी बीच 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के घरेलू मैदान पर डेब्यू को लेकर भी चर्चा तेज है, लेकिन फिलहाल उन्हें मौका मिलने की संभावना कम नजर आ रही है.

हेड कोच गौतम गंभीर ने दूसरे टी20 के बाद साफ किया था कि टीम मध्यक्रम में परिस्थितियों के अनुसार बदलाव कर सकती है, लेकिन शीर्ष क्रम में निरंतरता बनाए रखना चाहती है. ऐसे में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी को हटाना मुश्किल होगा. दोनों बल्लेबाज इस समय अच्छी लय में हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें और मौके देना चाहेगा. इसका मतलब है कि वैभव को अभी अभी इंतजार करना पड़ सकता है.

... तो शिवम दुबे होंगे बाहर
रांची में भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे थे. कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और नमन धीर दूसरे मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए थे. जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में अर्शदीप सिंह और मयंक यादव के अपनी जगह बरकरार रखने की संभावना है. वहीं, शिवम दुबे का प्रदर्शन दूसरे टी20 में खास नहीं रहा था. ऐसे में उनकी जगह नीतीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग-11 में शामिल करने का विकल्प मौजूद है. हालांकि, अंतिम फैसला पिच और टीम की रणनीति को ध्यान में रखकर लिया जाएगा.

Advertisement

दूसरी ओर, शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम जीत के बाद अपनी प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव करने से बच सकती है. रांची में टीम ने 250 रनों का लक्ष्य नौ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था. शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड की शानदार बल्लेबाजी ने भारतीय गेंदबाजी की कमजोरियों को उजागर किया. वेस्टइंडीज की कोशिश इसी आक्रामक लय को बरकरार रखने की होगी. ऐसे में भारत के लिए चुनौती सिर्फ बल्लेबाजी में बड़ा स्कोर खड़ा करने की नहीं, बल्कि गेंदबाजी में बेहतर नियंत्रण दिखाने की भी होगी.

तीसरे टी20 में भारत की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और मयंक यादव.

तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, गुडाकेश मोती, शमर स्प्रिंगर, अकील हुसैन और शमर जोसेफ.

भारत का स्क्वॉड: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव और कुलदीप यादव.

वेस्टइंडीज का स्क्वॉड: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), कामिल पूरन, आमिर जंगू, शिमरॉन हेटमायर, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, कीमो पॉल, क्वेंटिन सैम्पसन, शमर स्प्रिंगर, गुडाकेश मोती, अकील हुसैन, शमर जोसेफ और मैथ्यू फोर्ड.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement