संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी और श्रेयस अय्यर-नमन धीर की अहम पारियों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले T20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड जीत दर्ज की. गुरुवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए मुकाबले में भारत ने 226 रन का लक्ष्य छह विकेट खोकर हासिल कर लिया.
भारत ने यह मुकाबला दो गेंद बाकी रहते चार विकेट से जीता. यह T20 क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा सफल रनचेज रहा. वहीं यह T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा सफल चेज भी है, इससे पहले 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने ऑकलैंड में 244 रन बनाए थे.
𝙒𝙃𝘼𝙏. 𝘼. 𝘾𝙃𝘼𝙎𝙀 🤩 Naman Dhir, take a bow 👏 Scorecard ▶️ https://t.co/ADfFnxXGzz #TeamIndia | #NZvIND https://t.co/3VcfLDwPQJ
— BCCI (@BCCI) October 22, 2026
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने फिन एलन के 45 रन और ग्लेन फिलिप्स की नाबाद 82 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 225 रन बनाए. जवाब में भारत ने संजू सैमसन के 67 रन, कप्तान श्रेयस अय्यर के 42 रन और नमन धीर के नाबाद 42 रन की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया. पांच मैचों की सीरीज का दूसरा T20 मुकाबला शनिवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा. हालांकि गेंदबाजी में भारतीय टीम कमजोर दिखी.
संजू सैमसन ने दी तूफानी शुरुआत
226 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े. भारत पावरप्ले में ही एक विकेट पर 94 रन तक पहुंच गया था और मुकाबला एकतरफा नजर आने लगा था.
संजू ने 33 गेंदों में 67 रन बनाए. उनकी पारी में आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे. उन्होंने खास तौर पर सीधे बाउंड्री की ओर शॉट लगाए. लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर उनका फ्लिक शॉट लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए गया, जो उनकी पारी के बेहतरीन शॉट्स में शामिल रहा. संजू इस साल 26 पारियों में आठवीं बार 50 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहे. यह आंकड़ा इस साल उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन को दिखाता है.
Focus shifts to Game 2 on Saturday night. Scorecard | https://t.co/ZkiSR6JbpH 🏏 #NZvIND https://t.co/6z3jeIqMYq
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) October 22, 2026
दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए. वह संजू के साथ पारी को आगे बढ़ाते रहे. चौथे ओवर में उन्होंने एडम मिल्ने की गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर अपना आक्रामक अंदाज दिखाया.
बीच के ओवरों में लड़खड़ाया भारत
तेज शुरुआत के बाद भारतीय पारी बीच के ओवरों में अचानक लड़खड़ा गई. न्यूजीलैंड के स्पिनर मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने सात रन के भीतर भारत के तीन विकेट चटकाकर मुकाबले में रोमांच लौटा दिया. बिना विकेट खोए 93 रन बनाने वाली टीम 11वें ओवर में 122 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट गंवा चुकी थी.
ईशान किशन और तिलक वर्मा लंबे बाउंड्री वाले इस मैदान पर गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने की कोशिश में विकेट गंवा बैठे. इस तरह शानदार शुरुआत के बावजूद भारतीय मध्यक्रम उसका पूरा फायदा नहीं उठा सका.
इसके बाद श्रेयस अय्यर ने पारी संभाली और मैच को आखिरी ओवरों तक ले गए. 15वें ओवर में फिन एलन ने उनका मुश्किल कैच छोड़ दिया, जिससे श्रेयस को जीवनदान मिला. उस समय भारत को आखिरी 30 गेंदों में 55 रन की जरूरत थी और उसके पांच विकेट बाकी थे.
कप्तान का साथ निभाते हुए नमन धीर ने अहम मौकों पर बाउंड्री लगाईं और दबाव कम किया. श्रेयस के 42 रन और नमन के 15 गेंदों में नाबाद 42 रन ने भारत को जीत तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई.
4️⃣2️⃣* Runs 1️⃣5️⃣ Balls 2️⃣8️⃣0️⃣ Strike Rate 5️⃣ Fours & 2️⃣ Sixes How good was that match-winning finish from Naman Dhir? 👇 Scorecard ▶️ https://t.co/ADfFnxXGzz #TeamIndia | #NZvIND https://t.co/4PgLm8Rbim
— BCCI (@BCCI) October 22, 2026
एलन-फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को 225 तक पहुंचाया
इससे पहले भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड के आक्रामक बल्लेबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए. मेजबान टीम का 225/8 का स्कोर भारत के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे बड़ा T20 स्कोर रहा. यह न्यूजीलैंड की अपनी घरेलू जमीन पर भी सबसे बड़ी T20 इनिंग रही.
शुरुआती ओवरों में गेंद से स्विंग मिल रही थी, लेकिन न्यूजीलैंड के ओपनरों ने इसका प्रभावी ढंग से सामना किया. करीब चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी कर रहे भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर में अच्छी शुरुआत की. हालांकि, टिम सीफर्ट ने उनके अगले ओवर में दो चौके और लॉन्ग ऑन के ऊपर छक्का लगाकर 17 रन बटोर लिए. साइफर्ट ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए.
फिन एलन ने इसके बाद अर्शदीप सिंह पर हमला बोला और पावरप्ले में न्यूजीलैंड को जरूरी गति दिलाई. ऑफ साइड में बाउंड्री लगाने की ओपनरों की क्षमता भारतीय गेंदबाजों के लिए परेशानी बनी रही.
पावरप्ले के भीतर गेंदबाजी करने आए मयंक यादव ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर सीफर्ट को विकेट के पीछे कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई.
पावरप्ले का आखिरी ओवर अक्षर पटेल को सौंपा गया, लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर ने दो छक्के खाए. एलन ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाया, जबकि डेरिल मिचेल ने आगे निकलकर लॉन्ग ऑन के ऊपर गेंद पहुंचा दी. न्यूजीलैंड ने शुरुआती छह ओवर में एक विकेट पर 65 रन बना लिए.
ग्लेन फिलिप्स का विस्फोटक अंदाज, गेंदबाजी में भारत दिखा बैकफुट पर
एलन ने 24 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में नाबाद 82 रन ठोक दिए. अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में डेरिल मिचेल का विकेट लिया, लेकिन भुवनेश्वर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके.
भुवनेश्वर ने अपने तीसरे ओवर में 14 रन दिए. इसके बाद उन्हें पारी का आखिरी ओवर सौंपा गया, जिसमें भी 14 रन बने. उनके चार ओवर में 49 रन गए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
फिलिप्स ने पारी का अंत कवर के ऊपर शानदार स्विच हिट लगाकर किया. बेवन जैकब्स ने भी 16 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली. उनकी पारी का खास शॉट अर्शदीप के खिलाफ पहली ही गेंद पर लगाया गया सीधा छक्का रहा.
अक्षर पटेल भारतीय गेंदबाजों में सबसे महंगे साबित हुए. उन्होंने चार ओवर में 51 रन दिए. न्यूजीलैंड ने आखिरी पांच ओवर में 67 रन बटोरे और भारत के सामने 226 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.
कुल मिलाकर भारतीय गेंदबाजी इस मुकाबले में कमजोर दिखी, ऐसे में इस एरिया में उसे काम करना होगा.
T20Is में भारत के लिए सबसे बड़ा सफल चेज
226 vs NZ, क्राइस्टचर्च, 2026
209 vs AUS, विशाखापत्तनम, 2023
209 vs NZ, रायपुर, 2026
208 vs WI, हैदराबाद, 2019
207 vs SL, मोहाली, 2009
204 vs NZ, ऑकलैंड, 2020
भारत के खिलाफ घर में न्यूजीलैंड का खराब रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड की टीम अपने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही है. उसने भारत के खिलाफ पिछले आठ घरेलू T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में से सात गंवाए हैं. इस दौरान एक मुकाबला टाई रहा था, जिसका फैसला डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति से हुआ था. यह मैच 2022 में नेपियर में खेला गया था.