भारत और आयरलैंड के बीच 2 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (26 जून) को बेलफास्ट में है. मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिलेगा या नहीं. हालांकि भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा की राय इससे अलग है. उन्होंने अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन में वैभव को जगह नहीं दी और इसके पीछे की वजह भी विस्तार से बताई.
आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने ओपनर के तौर पर अपनी छाप छोड़ी है. लेकिन टीम इंडिया में उनके सामने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसी मजबूत चुनौती मौजूद है. ऐसे में आकाश चोपड़ा का मानना है कि मौजूदा खिलाड़ियों के साथ न्याय करना ज्यादा जरूरी है.
Start of something special 🌟
— BCCI (@BCCI) June 26, 2026
🎥 Glimpses of Vaibhav Sooryavanshi's first time in the #TeamIndia nets 🤩#IREvIND pic.twitter.com/zp3mPMch5R
'वैभव को खिलाओगे तो किसी के साथ अन्याय होगा'
अपने यूट्यूब चैनल पर आकाश चोपड़ा ने कहा कि भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ी दुविधा यही है कि वैभव सूर्यवंशी को तुरंत मौका दिया जाए या फिर उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिले जिन्होंने हाल के समय में अच्छा प्रदर्शन किया है.
उन्होंने कहा- आपके पास दो विकल्प हैं. या तो न्याय कर लें या फिर वैभव को मौका दे दें. अगर न्याय करेंगे तो वैभव नहीं खेल पाएंगे और अगर वैभव को खिलाएंगे तो किसी दूसरे खिलाड़ी के साथ न्याय नहीं होगा. टॉप-3 के लिए अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी दावेदार हैं, लेकिन खेलेंगे सिर्फ तीन.
'टी20 वर्ल्ड कप के बाद किन खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए'
आकाश चोपड़ा का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम पहली बार मैदान पर उतर रही है. ऐसे में जिन खिलाड़ियों को स्क्वॉड में चुना गया है, उन्हें पहले अवसर मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में हलचल जरूर मचा दी है, लेकिन टीम सेलेक्शन में बैलेंस और न्याय दोनों का ध्यान रखना होगा. उनके मुताबिक अभी वैभव के डेब्यू का प्लेटफॉर्म तैयार है, लेकिन सही समय का इंतजार करना बेहतर होगा.
संजू और अभिषेक को बनाया ओपनर
आकाश चोपड़ा ने अपनी प्लेइंग इलेवन में ओपनिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को दी है. उनका कहना है कि यदि वैभव को खिलाना है तो टॉप-3 में से किसी एक खिलाड़ी को बाहर करना पड़ेगा.
उन्होंने रोटेशन पॉलिसी को भी सही विकल्प नहीं माना. चोपड़ा ने कहा कि इतनी जल्दी खिलाड़ियों की अदला-बदली करना उचित नहीं होगा. इसलिए उन्होंने उन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया जिन्होंने हाल के समय में भारत की सफलता में अहम भूमिका निभाई.
ईशान नंबर-3, कप्तान अय्यर नंबर-4
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने ईशान किशन को नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए चुना है. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर को नंबर-4 और उपकप्तान तिलक वर्मा को नंबर-5 पर रखा है. छठे नंबर पर उन्होंने शिवम दुबे को जगह दी है ताकि बल्लेबाजी के साथ टीम को अतिरिक्त तेज गेंदबाजी का विकल्प भी मिल सके.
सूर्यांश शेडगे को भी बताया उपयोगी विकल्प
टीम इंडिया में नीतीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किया गया है. रेड्डी जांघ की मांसपेशियों में चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. शेगड़े तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर टीम के साथ जुड़े हैं.
अक्षर को तरजीह, सुंदर बाहर
स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर आकाश चोपड़ा ने अक्षर पटेल को वॉशिंगटन सुंदर पर प्राथमिकता दी. उनका मानना है कि टीम में एक ही फिंगर स्पिनर पर्याप्त रहेगा.
तेज गेंदबाजी विभाग में उन्होंने हर्षित राणा को नंबर-8 पर रखा, जबकि अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा को विशेषज्ञ तेज गेंदबाज चुना. स्पिन विभाग की जिम्मेदारी रवि बिश्नोई को दी गई क्योंकि इस दौरे पर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती उपलब्ध नहीं हैं.
आकाश चोपड़ा की चुनी हुई भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा
शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रवि बिश्नोई