हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला के खनियारा-योल क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग हादसे में बुल्गारिया के 47 वर्षीय पायलट मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको की मौत हो गई, जबकि उनके साथ उड़ान भर रहे ब्रिटेन के 63 वर्षीय पायलट स्टीफन एंटनी पर्डी को सुरक्षित बचा लिया गया. हादसा बीड़-बिलिंग से सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ान भरने के बाद राइजिंग स्टार पीक के समीप हुआ.
इस वजह से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हवा की गति अधिक होने के कारण दोनों पायलट हादसे का शिकार हुए. पुलिस और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मैक्सिम 7 अक्तूबर को पर्यटक वीजा पर भारत आए थे. रविवार को बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच खनियारा योल क्षेत्र में हादसे की सूचना मिली. इसके बाद स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय हिम संसार रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया.
रात करीब 9 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई टीम ने पूरी रात तलाश अभियान चलाया. सोमवार सुबह करीब 10 बजे बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ. इस दौरान मैक्सिम की मौत हो गई, जबकि ब्रिटिश नागरिक स्टीफन एंटनी पर्डी को सुरक्षित निकाल लिया गया. उनकी स्थिति सुरक्षित बताई गई है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शवगृह में रखा गया है.
एसपी ने क्या कहा?
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है. उन्होंने कहा कि लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं के बीच पैराग्लाइडिंग उड़ानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से बार-बार पैराग्लाइडिंग पायलटो को भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि खराब मौसम में पैराग्लाइडिंग ना करें ऐसे में प्रशासन के निर्देशों की सरेआम अवहेलना कर पैराग्लाइडर पर्यटक अपनी जान को जोखी में डाल रहें हैं.
एसपी कांगड़ा ने बताया कि मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको सात अक्टूबर 2026 को टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था. वह अपने दोस्त के साथ सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ान भर रहा था, तभी खनियारा के राइजिंग स्टार पीक के समीप हादसा हो गया.