scorecardresearch
 

India vs England 5th T20I Highlights: इंग्लैंड में टीम इंडिया की दुर्गति, 0-4 से गंवाई टी20 सीरीज... नंबर-1 का ताज भी हाथ से निकला

India (IND) vs England (ENG): साउथम्प्टन के द रोज बाउल ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड की टीम्स आमने-सामने हुई. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ये टी20I मुकाबला भी नहीं जीत पाई. पहले आयरलैंड और अब इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया का बुरा हाल हुआ है.

Advertisement
X
भारत-इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20I मैच साउथम्प्टन में खेला गया. (Photo: Getty Images)
भारत-इंग्लैंड के बीच पांचवां टी20I मैच साउथम्प्टन में खेला गया. (Photo: Getty Images)

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार (11 जुलाई) को खेला गया. साउथम्प्टन के द रोज बाउल में हुए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 56 रनों से शानदार जीत हासिल की. मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 258 रनों का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करते हुए वो 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से अपने नाम कर लिया. पहली बार भारतीय टीम ने किसी टी20 सीरीज में चार मुकाबले गंवाए हैं.

भारतीय टीम ने सीरीज तो गंवाया ही, वो आईसीसी की टी20I रैंकिंग में भी नंबर-1 की पोजीशन से डिसमिस हो गई. अब इंग्लैंड टी20 रैकिंग में नंबर-1 पर पहुंच चुका है. टी20 सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया, जो बारिश के चलते बेनतीजा रहा. वहीं मैनचेस्टर टी20I में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की. नॉटिंघम में खेला गया मुकाबला इंग्लैंड ने 125 रनों से जीता. फिर ब्रिस्टल टी20I में भी मेजबान टीम ने 9 विकेट से जीत का स्वाद चखा. अब साउथम्प्टन में भी इंग्लिश टीम श्रेयस ब्रिगेड पर भारी पड़ी.

रनचेज में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अभिषेक शर्मा सिर्फ 3 रनों के निजी स्कोर पर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने. संजू सैमसन (27 रन) ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर खेले, लेकिन सैम करन ने अपनी पहली ही गेंद पर उन्हें फंसा लिया. सैमसन के आउट होने के समय भारत का स्कोर 55/2 था.

Advertisement

यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर (28 रन) और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की. लियाम डॉसन ने श्रेयस को अपनी फिरकी में फंसाया. ईशान किशन भी अर्धशतक जड़ने के बाद ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और उन्हें आदिल राशिद ने आउट किया. ईशान ने 35 बॉल पर 56 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे. ईशान किशन के आउट होने के बाद भारतीय टीम मुकाबले में काफी पिछड़ गई.

तिलक वर्मा ने जरूर 3 चौके और चार छक्के की मदद से 25 गेंदों पर 53 रन बनाए. वहीं शिवम दुबे (14 रन), सूर्यांश शेडगे (7 रन) और अक्षर पटेल (3 रन) ने बल्ले से निराशाजक प्रदर्शन किया. इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. वहीं आदिल राशिद को दो सफलताएं हासिल हुईं.

ऐसी रही इंग्लैंड की बल्लेबाजी
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने फिल साल्ट का विकेट दूसरे ओवर में गंवा दिया. साल्ट 6 रनों के निजी स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने. यहां से जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने तूफानी डबल सेंचुरी साझेदारी की. इस साझेदारी के दौरान जोस बटलर ने सिर्फ 51 गेंदों पर शतक जड़ दिया. बटलर और ब्रूक के बीच दूसरे विकेट के लिए 102 गेंदों पर 233 रनों की साझेदारी हुई. इस पार्टनरशिप ने टीम इंडिया को बेबस कर दिया.

Advertisement

बटलर ने 64 बॉल पर 131 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. बटलर के टी20 इंटरनेशनल करियर का ये दूसरा शतक रहा. बटलर को 19वें ओवर में शिवम दुबे ने चलता किया. शिवम ने फिर अगली गेंद पर जैकब बेथेल (0 रन) को पवेलियन रवाना कर दिया. हैरी ब्रूक अपना शतक पूरा नहीं कर पाए और उन्होंने नाबाद 95 रनों का योगदान दिया. ब्रूक ने अपनी पारी में 8 छक्के और चार चौके लगाए.
यह भी पढ़ें: साउथम्प्टन में आया बटलर- ब्रूक का तूफान, भारतीय बॉलर्स की धुनाई, बना डाले कई रिकॉर्ड्स

भारतीय टीम के लिए इस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर खेलने नहीं उतरे. उनकी जगह क्रमश: विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को मौका मिला. दूसरी ओर इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बार फिर  लियाम डॉसन को शामिल किया. डॉसन ने रेयान अहमद की जगह ली.

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 35 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 18 मैचों में जीत हासिल की. जबकि इंग्लिश टीम ने 16 मुकाबले अपने नाम किए. एक मुकाबले का नतीजा भी नहीं निकला. साउथम्प्टन में दोनों टीमों के बीच 7 जुलाई 2022 को टी20I मुकाबला खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम को 50 रनों से जीत मिली थी.

Advertisement

भारत बनाम इंग्लैंड (हेड टू हेड)
कुल टी20I मुकाबले: 35
भारत ने जीते: 18
इंग्लैंड ने जीते: 16
बेनतीजा: 1

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा.

मुकाबले में इंग्लैंड की प्लेइंग-11: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जोश टंग.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement