भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार (14 अक्टूबर) को हैदराबाद में खेला जाएगा. भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है. इंदौर में तीसरे मुकाबले में जीत के बाद टीम इंडिया की नजरें अब सीरीज में बढ़त मजबूत करने पर होंगी. वहीं, वेस्टइंडीज की टीम वापसी कर सीरीज में बराबरी करना चाहेगी.
भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग 11 में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ओपनिंग कर सकते हैं. ऐसे में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर बाहर बैठना पड़ सकता है.
संजू विकेटकीपर की भूमिका भी निभाएंगे. तीसरे नंबर पर ईशान किशन और चौथे नंबर पर कप्तान श्रेयस अय्यर उतर सकते हैं. तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे. तिलक के लिए यह मैच खास रहेगा, क्योंकि वो यहां के लोकल बॉय हैं.
गेंदबाजी में अक्षर पटेल के साथ प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है. इंदौर में कुलदीप यादव की जगह एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को खिलाने का फैसला भारत के पक्ष में रहा था. ऐसे में टीम मैनेजमेंट उसी संयोजन (Combination) को बरकरार रख सकता है. यानी वैभव इस मैच में भी बेंच पर बैठेंगे और संजू सैमसन एक बार फिर ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे.
A proud and special moment 💙 Hyderabad fans, how excited are you to see your local boy and #TeamIndia Vice-Captain @TilakV9 take the field tomorrow? 🏟️ #INDvWI | @mflone_ https://t.co/ygcQ7z2xgJ
— BCCI (@BCCI) October 13, 2026
हैदराबाद में रनों की बारिश की उम्मीद
हैदराबाद का मैदान बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है. यहां IPL में पिछले दो वर्षों के दौरान 310, 297, 286 और 277 रन जैसे स्कोर बने हैं. भारत में टी20 क्रिकेट के टॉप आठ स्कोर में से चार इसी मैदान पर आए हैं. पिच को हाल में दोबारा तैयार किया गया है, लेकिन बल्लेबाजों को फिर भी काफी रन बनाने के मौके मिल सकते हैं.
ओस पड़ने की स्थिति में गेंदबाजों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मुकाबले में बारिश से खलल पड़ने की आशंका नहीं है. इस दौरे पर अब तक खेले गए छह मैचों में सिर्फ एक मुकाबला लक्ष्य का बचाव करते हुए जीता गया है. भारत ने इंदौर में ऐसा किया था.
टीम चाहेगी कि गेंदबाजों को पिच से थोड़ी मदद मिले, ताकि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने की स्थिति में भी स्कोर का बचाव किया जा सके.
अभिषेक शर्मा और रोस्टन चेज की टक्कर पर नजर
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा और वेस्टइंडीज के स्पिनर रोस्टन चेज के बीच भिड़ंत देखने लायक होगी. चेज ने रांची में भारत के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के विकेट लिए थे. वह बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ विकेट के ऊपर से गेंदबाजी करते हुए हार्ड लेंथ और यॉर्कर का इस्तेमाल करते हैं.
हालांकि, इंदौर में अभिषेक ने चेज के खिलाफ शानदार जवाब दिया था. पहले ओवर में गेंदों को परखने के बाद उन्होंने जगह बनाई और चेज की गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़ा. चेज के खिलाफ अभिषेक ने अब तक 13 गेंदों पर 25 रन बनाए हैं, जबकि दो बार अपना विकेट गंवाया है. हैदराबाद अभिषेक का IPL घरेलू मैदान भी है.
अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 1024 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की और 1164 गेंदों का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा. वहीं, नमन धीर के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में पांच विकेट हैं और ये सभी विकेट उस गेंद पर आए हैं, जो छक्का खाने के तुरंत बाद फेंकी गई थी.
वेस्टइंडीज की टीम रोमारियो शेफर्ड की फिटनेस को लेकर चिंतित होगी. रांची में गेंदबाजी करते समय वह चोटिल हो गए थे. हालांकि, उन्होंने उस मुकाबले में बल्लेबाजी की थी, लेकिन इंदौर में उन्हें टीम से बाहर रखा गया. रांची में उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए थे.
वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग 11: शाई होप ( विकेटकीपर, कप्तान ), कामिल पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड/ क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज, शमर स्प्रिंगर, कीमो पॉल, शमर जोसेफ और गुडाकेश मोती
भारत की संभावित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह.