भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर (बुधवार) को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाना है. इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास बड़ा कारनामा करने का मौका है.
अर्शदीप सिंह वह कर सकते हैं जो आज तक भारत का कोई भी तेज गेंदबाज नहीं कर सका है. अर्शदीप सिंह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे करने से महज 6 विकेट दूर हैं.
भारत के लिए अब तक 97 टी20I मैच खेल चुके अर्शदीप के नाम 144 विकेट दर्ज हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देकर 5 विकेट रहा है. टी20 फॉर्मेट में अर्शदीप सिंह का रिकॉर्ड शानदार रहा है.
यदि अर्शदीप हैदराबाद में होने वाले चौथे मैच या इस सीरीज के दौरान अपने बाकी बचे 6 विकेट चटका लेते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले भारत के पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे.
Indore ✅ Hello from Hyderabad 👋 #TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ https://t.co/DOO95DfG9I
— BCCI (@BCCI) October 12, 2026
इंदौर में किया था कमाल
इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भी अर्शदीप सिंह ने अपनी शानदार गेंदबाजी का जलवा दिखाया था. उन्होंने विंडीज कप्तान शाई होप को बोल्ड कर मैच का पासा पलट दिया था. इसके अलावा अर्शदीप ने शेरफेन रदरफोर्ड और कीमो पॉल को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया था, जिससे भारत ने 14 रनों से रोमांचक जीत दर्ज कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई.
जीत के बाद अर्शदीप ने क्या कहा?
मैच के बाद बात करते हुए अर्शदीप ने कहा कि कोचिंग स्टाफ के साथ बनाई गई रणनीतियों को मैदान पर सही तरीके से लागू करने का उन्हें फायदा मिला. साथ ही उन्होंने हंसते हुए अपने साथी अक्षर पटेल से उस रन-आउट के लिए माफी भी मांगी, जो उनके साथ हुई गफलत की वजह से हुआ था.