scorecardresearch
 

IPL में CSK पर चोटों की मार, आधी टीम बाहर, प्लेइंग 11 पर भी गहराया संकट!

IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) चोटों से जूझ रही है. नाथन एल‍िस और खलील अहमद सीजन से बाहर हो चुके हैं, अब इस क्रम में ताजा नाम आयुष म्हात्रे के नाम से जुड़ा है. एमएस धोनी अब तक मैदान पर नहीं उतरे हैं. टीम के कई ख‍िलाड़ी इंजरी के कारण कुछ मैच मिस कर चुके हैं, जिससे टीम का बैलेंस बिगड़ गया है.

Advertisement
X
एक के बाद एक झटके! एलिस, खलील OUT, अब आयुष म्हात्रे (दाएं) भी बाहर (Photo: AP)
एक के बाद एक झटके! एलिस, खलील OUT, अब आयुष म्हात्रे (दाएं) भी बाहर (Photo: AP)

इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की शुरुआत उम्मीदों के उलट रही है, और इसकी सबसे बड़ी वजह टीम पर लगातार चोटों का कहर है. इसी ताजा कड़ी में सबसे नया नाम 18 साल के धाकड़ बल्लेबाज आयुष म्हात्रे का जुड़ा है, जो पूरे IPL सीजन के लिए टीम से बाहर हो गए हैं. 

सीजन शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एल‍िस हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे, जिससे CSK के बॉलिंग अटैक को बड़ा झटका लगा.

इसके बाद 14 अप्रैल को खलील अहमद कोलकाता के खिलाफ मैच में ग्रेड-2 क्वाड्रिसेप्स इंजरी का शिकार हुए और उन्हें भी पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा, जिसकी पुष्ट‍ि 16 अप्रैल को हुई. 

इस बीच युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को SRH के खिलाफ इम्पैक्ट सब के तौर पर बल्लेबाजी करते समय लेफ्ट हैमस्ट्रिंग में चोट लगी. इसके बाद मंगलवार (21 अप्रैल) को उनके पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने की पुष्ट‍ि चेन्नई सुपर किंग्स के आध‍िकार‍िक सोशल मीडिया अकाउंट की ओर से हुई. 

टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी भी अभी तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं. वह सीजन शुरू होने से पहले लगी काफ स्ट्रेन से जूझ रहे हैं और शुरुआती मुकाबलों में टीम के साथ भी नहीं दिखे. उनकी गैरमौजूदगी ने टीम के संतुलन और लीडरशिप दोनों को प्रभावित किया है.

वहीं, एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किए गए स्पेंसर जॉनसन भी अब तक मैदान पर नहीं उतरे हैं. वह बैक इंजरी से रिकवर कर रहे थे और अप्रैल के तीसरे हफ्ते में टीम से जुड़ने की उम्मीद थी. इसी तरह साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेव‍िस ने साइड स्ट्रेन के चलते टीम के पहले तीन मुकाबले मिस किए थे. 

Advertisement

लगातार चोटों ने CSK की प्लेइंग इलेवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. बॉलिंग अटैक कमजोर पड़ा है, बल्लेबाजी में स्थिरता की कमी दिखी है और टीम को कॉम्ब‍िनेशन बनाने में परेशानी हो रही है. यही कारण है कि चेन्नई का प्रदर्शन शुरुआती मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा.

कुल मिलाकर, CSK का IPL 2026 अभियान अब तक इंजरी संकट के साए में नजर आ रहा है. अगर जल्द खिलाड़ी फिट होकर वापसी नहीं करते, तो टीम के लिए प्लेऑफ की राह और भी मुश्किल हो सकती है. चेन्नई की टीम ने मौजूदा सीजन में 6 में से सिर्फ 2 मैच जीते और चार मुकाबले गंवा द‍िए. ऐसे में उसके लिए अब हर मुकाबला महत्वपूर्ण  है, मगर अभ‍ियान में उसे अभी तक चार हार के झटके लग चुके हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement