Rajasthan News: अलवर जिले में एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने धारदार कैंची से अपने ही दो मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. इस घटना में बीच-बचाव करने पहुंची महिला की बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई है. एक साथ तीन अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और किसी के भी घरों में चूल्हे नहीं जले.
खेड़ली थाना इलाके के दांतिया गांव निवासी अमित की 28 वर्षीय पत्नी उषा ने किसी बात से आवेश में आकर खौफनाक कदम उठाया. उसने धारदार कैंची से अपनी 3 साल की बेटी नंदिता और 4 साल के बेटे मुकुल की गर्दन व शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर मौजूद उषा की बहन मनीषा तुरंत मौके पर दौड़ी. आपको बता दें कि उषा और उसकी बहन मनीषा दोनों सगी बहनें हैं और दोनों की शादी एक ही घर में हुई थी. मनीषा ने जब बीच-बचाव कर अपनी बहन को रोकने का प्रयास किया, तो उषा ने उस पर भी कैंची से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गई. इसके बाद उषा ने खुद पर भी कैंची से वार कर गंभीर रूप से घायल कर लिया.
जयपुर रेफर हुई घायल बहन
बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग और परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे. घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें तुरंत पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उषा और उसके दोनों मासूम बच्चों (नंदिता व मुकुल) को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल बहन मनीषा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया है.
एक चिता पर अंतिम संस्कार
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए.
परिजनों की तरफ से फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जिसके चलते पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए. देर रात हुए अंतिम संस्कार के दौरान एक ही चिता पर मां उषा और उसकी बेटी नंदिता का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि बेटे मुकुल का अंतिम संस्कार दूसरी चिता पर किया गया. इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.
खेड़ली थाने के थानाधिकारी विजय सिंह चंदेल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.