राजस्थान के अलवर शहर में कटी घाटी क्षेत्र स्थित एक वर्कशॉप में सोफे के नीचे इंडियन कोबरा फन फैलाकर बैठा हुआ नजर आया. यह देखकर वहां काम करने वाले लोगों की सांस रुक गई. क्योंकि यह सांप सबसे जहरीला सांप माना जाता है. पहले तो वहां काम करने वाले लोगों ने उसे भगाने का प्रयास किया. लेकिन वो वहीं बैठ रहा. इसके बाद मामले की सूचना रेस्क्यू टीम को दी.रेस्क्यू टीम के आने से पहले खुद ही सांप जंगल की तरफ चला गया. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
जयपुर रोड पर यादव पेट्रोल पंप के सामने जेसीबी का वर्कशॉप है. वहां काम करने वाले लोगों ने बताया कि सुबह के समय इंजीनियर काम कर रहे थे. इसी दौरान ऑफिस के पास सोफे के नीचे एक काले रंग का कोबरा सांप बैठा हुआ नजर आया. यह देखकर लोग इकट्ठा हो गए और जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. इस दौरान सांप को वहां से भगाने का प्रयास किया. तो वो फन फैला कर बैठ गया और करीब 1 घंटे तक वहीं पर बैठा रहा.
इस मामले की सूचना स्नेक रेस्क्यू टीम को दी गई. टीम मौके पर पहुंची उससे पहले ही कोबरा जंगल की तरफ चला गया. वर्कशॉप के प्रबंधक प्रमोद सैनी ने बताया कि वर्कशॉप के पीछे जंगल क्षेत्र है. इसलिए आए दिन यहां साप व अन्य जंगली जानवर आ जाते हैं.
यहां काम करने वाले श्रमिकों को सुरक्षित रहने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं. साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी जगह-जगह लगाए गए हैं. रात के समय कई बार पैंथर भी आ चुका है. दिन के समय अचानक ब्लैक कोबरा नजर आने से काम करने वाले लोगों को थोड़ी परेशानी हुई. उन्होंने बताया कि यह पहले भी इस क्षेत्र में नजर आया है. जंगल में उसका पूरा परिवार है. कोबरा के साथ इसके बच्चे भी कई बार दिखाई दिए हैं. लेकिन अभी तक इसने किसी को परेशान नहीं किया है. इस दौरान वर्कशॉप पर काम करने वाले सभी को ने कोबरा का वीडियो बनाया. ये सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.