भोपाल की ट्विशा शर्मा डेथ केस में कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं. पूर्व जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार हो चुकी हैं. CBI उन्हें और उनके बेटे समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश करने जा रही है. और जांच एजेंसी अब दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना चाहती है. क्योंकि ट्विशा की मौत के साथ जुड़े कई ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब अब तक किसी के पास नहीं है. बड़ा सवाल ट्विशा के शरीर पर मिले सात चोटों का है. इस मामले में सीबीआई टीम समर्थ को लेकर दफ्तर से निकली है. सीबीआई कोर्ट में पेशी से पहले समर्थ का मेडिकल करवाएगी. सीबीआई के 3 अफसर साथ में रवाना हुए हैं.
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी अपने आदेश में इन चोटों का जिक्र किया है. कोर्ट ने साफ कहा कि ये चोटें 'एंटी मार्टम' यानी मौत से पहले की थीं. यानी शरीर पर चोटें उस वक्त लगीं, जब ट्विशा जिंदा थीं. अदालत ने यह भी माना कि शव को फंदे से नीचे उतारते समय ऐसी चोटें नहीं आ सकतीं. और यहीं से केस की दिशा बदल गई.
दरअसल, भोपाल की निचली अदालत से गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल गई थी. लेकिन CBI ने हाईकोर्ट में कहा कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहीं और सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका भी है. CBI ने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर वीडियो के चुनिंदा हिस्से वायरल कर नैरेटिव सेट करने की कोशिश की गई.

इसके बाद हाईकोर्ट ने आदेश जारी कर गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी. जमानत रद्द होने के बाद CBI टीम एक्टिव हो गई. गुरुवार को टीम भोपाल पहुंची. गिरिबाला सिंह के घर गई. घर के अंदर डिजिटल मैपिंग की गई. यानी घटना वाली रात कौन कहां था, मूवमेंट क्या था, घर का स्ट्रक्चर कैसा है- इन सबकी तकनीकी पड़ताल की गई.
इसके बाद गिरिबाला सिंह से पूछताछ शुरू हुई और फिर उन्हें अरेस्ट कर लिया गया. आज शुक्रवार को CBI उन्हें और समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश करेगी. एजेंसी दोनों की 3 से 7 दिन की रिमांड मांग सकती है. CBI की कोशिश है कि मां-बेटे को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाए. क्योंकि अब तक दोनों से अलग-अलग सवाल किए जा रहे थे.
यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा डेथ केस: आरोपी पति समर्थ सिंह की वकालत पर रोक, BCI ने निलंबित किया लाइसेंस
लेकिन इस पूरे केस में कई ऐसे डिटेल्स भी हैं, जो सवाल खड़े कर रहे हैं. जैसे ट्विशा के आखिरी कुछ घंटे. आजतक की टीम उस ब्यूटी पार्लर तक पहुंची, जहां ट्विशा अपनी मौत से ठीक पहले गई थीं. पार्लर संचालिका किरण ने बताया कि ट्विशा दोपहर करीब 3 बजे आई थीं और शाम 6 बजे तक वहीं रहीं.
उन्होंने हेड ऑयल मसाज कराया, पेडिक्योर लिया और स्किन से जुड़ी सर्विस लीं. इस दौरान वह स्टाफ से फिल्मों और दूसरी सामान्य बातों पर बातचीत भी करती रहीं. किरण के मुताबिक, उस दिन ट्विशा ने कहा था- मुझे रिलैक्स होना है. सबसे अहम बात ये कि पार्लर संचालिका को ट्विशा के व्यवहार में कुछ भी असामान्य नहीं लगा.
फिर एक और अहम बात सामने आई. किरण ने बताया कि ट्विशा की मौत के अगले दिन पांच लोग पार्लर पहुंचे थे. उन्होंने सफेद शर्ट और काला कोट पहन रखा था. यानी वे वकील जैसे लग रहे थे. उन्होंने CCTV फुटेज देखी और ट्विशा के बारे में सवाल पूछे.

इसके अलावा 13 मई को गिरिबाला सिंह का भी फोन आया था. उन्होंने पूछा था कि ट्विशा कब पार्लर आई थीं और उन्होंने क्या-क्या करवाया था. अब सवाल ये उठ रहा है कि मौत के तुरंत बाद पार्लर और CCTV को लेकर इतनी दिलचस्पी क्यों दिखाई गई?
नोएडा की रहने वाली थीं ट्विशा शर्मा
33 साल की ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं. MBA किया था. दिल्ली में मार्केटिंग और कम्युनिकेशन सेक्टर में काम कर चुकी थीं. मॉडलिंग से भी जुड़ी थीं. 'मिस पुणे' का खिताब जीत चुकी थीं और एक तेलुगु फिल्म में भी काम कर चुकी थीं. दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. समर्थ, पूर्व सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं. लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल में मृत मिलीं.
शुरुआत में मामला आत्महत्या का बताया गया. कहा गया कि ट्विशा फंदे से लटकी मिली थीं. अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. फिर ट्विशा के परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए.
यह भी पढ़ें: 'तलाकशुदा बेटी, मृत बेटी से बेहतर', ट्विशा शर्मा केस में MP सरकार की सुप्रीम कोर्ट में टिप्पणी ने खींचा सबका ध्यान
परिवार का दावा है कि ट्विशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था. मानसिक दबाव बनाया जाता था. इतना ही नहीं, CBI ने कोर्ट में दावा किया कि वॉट्सऐप चैट्स से संकेत मिलते हैं कि ट्विशा के प्रेग्नेंट होने के बाद उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए थे. जांच एजेंसी के मुताबिक, ट्विशा पर अबॉर्शन का दबाव भी बनाया गया था. परिवार का यह भी कहना है कि मौत वाली रात ट्विशा लगातार तनाव में थीं और घर छोड़ने की बात कर रही थीं.
अब CBI इस केस में दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न, सबूतों से छेड़छाड़ और संभावित आपराधिक साजिश जैसे हर एंगल से जांच कर रही है. इसी वजह से गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी को बेहद अहम माना जा रहा है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल वही है, जो शुरुआत से सबके दिमाग में घूम रहा है- अगर ट्विशा ने आत्महत्या की, तो शरीर पर सात चोटें कैसे आईं? और अगर मौत से पहले हिंसा हुई थी, तो उस रात घर के अंदर आखिर हुआ क्या था? इन सवालों के जवाब अभी बाकी हैं. CBI अब मां-बेटे को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना चाहती है.