भारत और अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदर्शन करने वाली है. इस आयोजन का नाम ‘किसान महा चौपाल’ रखा गया है. इस कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे. यहां वो किसानों से बातचीत और उन्हें संबोधित करेंगे.
कांग्रेस ने इस आयोजन के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की है. भोपाल के जवाहर चौक पर किसान महा चौपाल का आयोजन होना है. पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों को बता रहे हैं कि ये डील उनके हित में नहीं है. ये किसानों के लिए नुक़सानदायक है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित कई अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर किसानों और आम जनता से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है. इस वीडियो अभियान का मकसद किसानों के हितों की रक्षा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी साथ हुए डील के खिलाफ जागरूकता फैलाना है.
वीडियो में जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री पर सीधे हमला करते हुए कहा कि मोदी ने देश के किसानों के गले पर तलवार रख दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए इस डील से भारतीय किसानों की स्थिति और खराब होगी. पटवारी ने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी इस महा चौपाल के माध्यम से किसानों की लड़ाई को मजबूत करेंगे और उनके साथ खड़े रहेंगे.
यह भी पढ़ें: 'Epstein जैसे अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना शर्म की बात', PM मोदी पर राहुल गांधी का वार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने समझौते के बाद कपास, सोयाबीन, मक्का और सरसों जैसी फसलों की कीमतों में आई गिरावट को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का किसानों की आय दोगुनी करने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है, जबकि किसान लगातार आर्थिक संकट और कर्ज की मार झेल रहे हैं. सिंघार ने कहा कि यह डील किसानों के हित में नहीं है और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए.
इससे पहले कांग्रेस के विधायकों ने मध्य प्रदेश विधानसभा में भी इस मुद्दे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था. उन्होंने इस डील को किसानों के लिए बड़ा खतरा करार दिया और सरकार से इसे रद करने की मांग की.
भोपाल में मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें आत्ममंथन के लिए समय निकालना चाहिए और महाकाल से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 55 वर्षों में जो काम नहीं किए, उनकी सरकार ने कम समय में पूरे कर दिखाए हैं. मुख्यमंत्री ने यूरोपीय यूनियन के साथ हुए समझौते को किसानों के हित में बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सबसे ज्यादा कॉटन मिलों पर ताले लगे, जबकि वर्तमान सरकार कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों को मजबूती दे रही है.
एआई समिट के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना गंदी मानसिकता को दर्शाता है और इस तरह की हरकतें प्रदेश और देश की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं.
रविश पाल सिंह और पीटीआई के इनपुट के साथ