Monsoon Hair Care: मानसून का मौसम आते ही स्कैल्प में पसीने और बारिश के पानी के कारण चिपचिपाहट बढ़ना काफी कॉमन है. घर से बाहर निकलने पर बाल गीले हो जाते हैं और यदि आपके साथ भी ऐसा होता है तो बालों को ज्यादा समय तक गीले ही न छोड़ें. दरअसल, बारिश के पानी में मौजूद धूल, मिट्टी और प्रदूषण के कण बालों की जड़ों को कमजोर करते हैं जिससे हेयर फॉल और डैंड्रफ की समस्या शुरू हो जाती है.
मेडिकल रिपोर्ट्स बताती हैं कि बारिश का पानी बालों के प्राकृतिक pH लेवल को बिगाड़ देता है जिससे स्कैल्प में सूजन और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं इसलिए घर पहुंचते ही सबसे पहले बालों को 5 मिनट के रूटीन से साफ करना बहुत जरूरी है. आइए वो रूटीन के बारे में जान लीजिए.
5 मिनट का असरदार रूटीन
यदि आप बाहर से घर पहुंचे हैं और आपके बाल बारिश में भीग गए हैं तो नीचे बताए हुए स्टेप्स को फॉलो करें.
साफ पानी से बाल धोएं: सबसे पहले बालों को नॉर्मल पानी से अच्छी तरह धोएं ताकि बारिश का दूषित पानी निकल जाए. इसके बाद एक माइल्ड या एंटी-फंगल शैम्पू का इस्तेमाल करें. मानसून में स्कैल्प की सफाई सबसे जरूरी है ताकि डैंड्रफ और इन्फेक्शन न हो.
कंडीशनिंग न भूलें: शैम्पू के बाद कंडीशनर जरूर लगाएं, लेकिन सिर्फ बालों की लंबाई (लेंथ) पर, स्कैल्प पर नहीं. यह बालों को नमी देता है और उन्हें उलझने से बचाता है.
ब्लो ड्राई न करें: बाल भीगे होने पर सबसे नाजुक स्थिति में होते हैं. गीले बालों को ब्लो ड्रायर या गरम स्टाइलिंग टूल्स से सुखाने की गलती बिल्कुल न करें, इससे बाल तेजी से टूटते हैं. इन्हें तौलिए से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से सुखाएं.
ज्यादा टाइट न बांधें: गीले बालों को कभी भी कसकर रबर बैंड से न बांधें. गीले बाल इलास्टिक की तरह खिंचते हैं, जिससे वे बीच से टूट सकते हैं.
जावेद हबीब का 'फूल-प्रूफ' हेयर फॉल सॉल्यूशन
फेमस हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब के अनुसार, नॉर्थ इंडिया में पसीने और नमी की वजह से होने वाला डैंड्रफ बालों का सबसे बड़ा दुश्मन है. वे सलाह देते हैं कि अगर आप मानसून में बालों को मजबूत रखना चाहते हैं तो हफ्ते में कम से कम दो-तीन बार शैम्पू करें.
नहाने से 5-10 मिनट पहले बालों में हल्का सरसों का तेल लगाएं क्योंकि ऐसा करने से स्कैल्प को एंटी-फंगल सुरक्षा मिलती है और बाल टूटने से बचाते हैं. याद रखें बालों को साफ रखना और नमी को कंट्रोल करना ही मानसून में डैमेज से बचने का सबसे आसान तरीका है.