छुट्टी का दिन हो या परिवार के साथ संडे लंच का आनंद लेना हो, प्लेट में गरमागरम चावल और साथ में रिच ग्रेवी वाले कश्मीरी दम आलू मिल जाएं तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. कश्मीरी व्यंजनों की खासियत है कि इनमें मसालों का अनूठा मेल और सौंधी खुशबू होती है, जो बिना ज्यादा तीखेपन के भी स्वाद को बेमिसाल बना देती है. अगर आप भी रेस्टोरेंट जैसा शाही स्वाद घर पर पाना चाहते हैं, तो इस आसान और पारंपरिक कश्मीरी दम आलू की रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
आवश्यक सामग्री (Ingredients):
छोटे आलू: 10-12 (उबले और छिले हुए)
फेंटा हुआ दही: 1 कप
सौंफ पाउडर: 2 छोटी चम्मच
सोंठ (सूखी अदरक) पाउडर: 1 छोटी चम्मच
हींग: आधा छोटी चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 2 छोटी चम्मच (खूबसूरत रंग के लिए)
साबुत मसाले: तेज पत्ता, दालचीनी, हरी इलायची, लौंग और काली मिर्च
सरसों का तेल: तलने और ग्रेवी के लिए (कश्मीरी स्वाद के लिए बेस्ट)
नमक: स्वादानुसार
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ (गार्निशिंग के लिए)
बनाने की विधि
आलुओं को गोदकर तलें:
उबले हुए आलूओं को छीलकर फॉर्क या टूथपिक से चारों तरफ से गोद लें ताकि मसाले अंदर तक जा सकें. अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और आलुओं को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलकर निकाल लें.
दही का मसाला मिश्रण बनाएं:
एक कटोरी में फेंटा हुआ दही लें. इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, सौंफ पाउडर, सोंठ पाउडर, हल्दी और थोड़ा सा पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि दही फटे नहीं.
तड़का लगाएं:
बचे हुए तेल में हींग और सभी साबुत मसाले (तेज पत्ता, दालचीनी, इलायची, लौंग) डालें. मसालों के भुनने पर गैस की आंच बिल्कुल धीमी कर दें.
ग्रेवी तैयार करें:
अब धीमी आंच पर ही दही का तैयार मिश्रण कढ़ाई में डालें और लगातार कछी चलाते रहें जब तक कि तेल अलग न होने लगे. इसके बाद इसमें एक कप पानी और नमक मिलाएं.
दम दें (पकाएं):
ग्रेवी में उबाल आने के बाद तले हुए आलू इसमें डाल दें. कढ़ाई को ढक्कन से ढककर धीमी आंच पर 10 से 12 मिनट तक पकने दें, ताकि आलू सारे मसालों को अच्छी तरह सोख लें.
सर्व करें:
आखिर में ऊपर से थोड़ा गरम मसाला और हरा धनिया डालें. गरमागरम चावल के साथ इस बेहतरीन कश्मीरी दम आलू का आनंद लें.