scorecardresearch
 
Advertisement

CJP Nationwide Protest Live: आज कॉकरोच जनता पार्टी का राष्ट्रव्यापी आह्वान... दिल्ली-पटना से लेकर मुंबई-चेन्नई तक सड़कों पर उतरेंगे छात्र, वांगचुक का अनशन खत्म

aajtak.in | 24 जुलाई 2026, 7:22 AM IST

Cockroach Janta Party Nationwide Protest Live Updates: कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन NEET पेपर लीक और शिक्षा सुधार को लेकर जारी है. सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी, क्योंकि सरकार ने सुधार, मुआवजे और संसद में चर्चा का भरोसा दिया. PM मोदी ने सख्त कार्रवाई की बात कही, जबकि विपक्ष के नेता प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे. अब CJP ने देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग जारी है.

जंतर-मंतर पर डटे हजारों छात्र (Photo: PTI) जंतर-मंतर पर डटे हजारों छात्र (Photo: PTI)

कॉकरोच जनता पार्टी ने आज देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है. इसी बीच सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है. सरकार ने उनसे कई मुद्दों पर आश्वासन दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और विपक्ष के नेता भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे हैं.

CJP लंबे समय से NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आंदोलन कर रही है. संगठन दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहा है. 20 जुलाई को जब प्रदर्शनकारी संसद की तरफ मार्च कर रहे थे, तब पुलिस से उनकी झड़प हो गई. इस झड़प में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए, वहीं 118 पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं.

रात के समय PM नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. वहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्रों का समर्थन किया. कांग्रेस पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक फायदा उठाने के आरोप भी लगे, जिसे सोनम वांगचुक की पत्नी ने गलत बताया.

अब CJP ने 24 जुलाई को देश भर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है. दिल्ली, मुंबई, पटना जैसे शहरों में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. आंदोलन की मुख्य मांग अब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा बन गई है.

7:22 AM (34 मिनट पहले)

CJP का दावा- सरकार बातचीत को तैयार, संविधान क्लब में होगी बैठक

Posted by :- Anurag

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार के साथ शुक्रवार को बातचीत होगी. उन्होंने बताया कि पार्टी की मांग पर बैठक के रूप में संविधान क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है.

 

7:16 AM (40 मिनट पहले)

Delhi Metro Update: लगातार तीसरे दिन बंद रहेंगे दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन

Posted by :- Anurag

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन शुक्रवार को भी बंद रहेंगे. DMRC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सुबह 7:30 बजे से अगली सूचना तक स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं.

Photo: PTI 

7:14 AM (43 मिनट पहले)

PM मोदी के वीडियो संदेश पर राहुल गांधी का हमला

Posted by :- Anurag

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से धर्मेंद्र प्रधान को हटाने, छात्रों पर कार्रवाई करने वालों को सजा देने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की. पूरी खबर यहां पढ़ें: 'धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो', PM मोदी के वीडियो मैसेज पर बोले राहुल गांधी

7:11 AM (46 मिनट पहले)

PM Modi on Paper Leak: 'नतीजे आ गए, पर हम शांत बैठने वाले नहीं', फास्ट ट्रैक अदालतों पर पीएम मोदी का जोर

Posted by :- Anurag

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है. लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए यह बहुत ही पीड़ादायक है. इसलिए पेपर लीक की घटना के बाद, पिछले ढाई महीनों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. गुनहगारों को पकड़ा गया है. वे जेल में हैं. हमारी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद न हो. इसलिए तत्काल परीक्षाएं कराना बहुत जरूरी था. सरकार ने अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करके कम-से-कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं संपन्न कराईं.

अभी 5-6 दिन पहले, 19 तारीख को, रिजल्ट भी आ गया. देशभर से उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं. लेकिन हम वहां संतोष मानने वालों में से नहीं हैं. इसलिए मैंने आज फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे. विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात मुझे उसका मसौदा भी सौंप दिया है.

फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान वाला यह मसौदा कल कैबिनेट में चर्चा के लिए रखा जाएगा. कैबिनेट के साथियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा. सोमवार से संसद का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है. हम प्रयास करेंगे कि इस विधेयक को जल्द से जल्द सदन से पारित कराया जाए. पूरी खबर यहां पढ़ें: पीएम मोदी का देर रात छात्रों के नाम Video संदेश, बोले- पेपर लीक पर आज और सख्त कार्रवाई होगी

 

Advertisement
7:03 AM (53 मिनट पहले)

Delhi CJP Protest: 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन

Posted by :- Anurag

सोनम वांगचुक ने सरकार के आश्वासन के बाद 26 दिन से जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की, जबकि CJP ने साफ किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उसका जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा. पूरी खबर यहां पढ़ें: सोनम वांगचुक ने 26 दिनों बाद तोड़ा अनशन, जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद लिया फैसला

 

Photo: PTI 

Advertisement
Advertisement