How to Make Moong Dal Dhokla: गुजराती व्यंजनों में ढोकला एक ऐसी चीज है जो पूरे भारत में ही खूब पसंद किया जाता है. लोग इसे स्नैक के तौर पर खूब पसंद करते हैं. आमतौर पर मार्केट और घरों में बेसन का ढोकला बनाया जाता है लेकिन बार-बार एक ही चीज खाकर स्वाद थोड़ा फीका लगने लगता है. इसलिए आज हम आपके लिए लेकर आए हैं प्रोटीन से भरपूर मूंग दाल ढोकला. यह न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट और सॉफ्ट होता है बल्कि यह पचाने में बेहद आसान है. इसका स्पंजी टेक्सचर हर किसी को दीवाना बना देता है.
सामग्री (Ingredients)
बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल: 1 कप (3-4 घंटे भीगी हुई)
दही: 1/2 कप
हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट: 1 चम्मच
हल्दी पाउडर: 1/4 छोटी चम्मच
नमक: स्वादानुसार
फ्रूट साल्ट (इनो) या बेकिंग सोडा: 1 छोटी चम्मच
नींबू का रस: 1 चम्मच
तेल: 2 चम्मच (तड़के और ग्रीसिंग के लिए)
राई (सरसों के दाने): 1 चम्मच
सफेद तिल: 1 चम्मच
कढ़ी पत्ता: 8-10
बारीक कटा हरा धनिया और कद्दूकस किया नारियल: गार्निशिंग के लिए
मूंग दाल ढोकला बनाने की विधि
भीगी हुई मूंग दाल का पानी निकाल लें. इसे मिक्सर जार में डालें और साथ में दही, हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट डालकर थोड़ा गाढ़ा और चिकना पीस लें.
इस पेस्ट को एक बाउल में निकालें. इसमें नमक, हल्दी और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह फेंट लें. बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
एक कढ़ाई या स्टीमर में 2 कप पानी गर्म होने के लिए रखें. ढोकला टिन या थाली को थोड़े से तेल से ग्रीस कर लें.
स्टीम करने से ठीक पहले बैटर में इनो (या बेकिंग सोडा) डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर एक ही दिशा में हल्के हाथ से मिलाएं. बैटर फूल जाएगा.
अब इस बैटर को तुरंत ग्रीस की हुई थाली में डालें और स्टीमर में रखकर 15-20 मिनट के लिए मध्यम आंच पर पकने दें. चाकू डालकर चेक करें, अगर चाकू साफ बाहर आए तो ढोकला तैयार है. इसे ठंडा होने पर चौकोर टुकड़ों में काट लें.
एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. इसमें राई, तिल और कढ़ी पत्ता डालकर चटकाएं. इस तड़के को कटे हुए ढोकले के ऊपर चारों तरफ फैला दें. ऊपर से हरा धनिया और कद्दूकस किया नारियल डालकर हरी चटनी के साथ सर्व करें.