scorecardresearch
 

Suji Instant Dhokla: नाश्ते में पोहा-पराठा खाकर हो गए बोर? सूजी में दही मिलाकर फटाफट बनाएं स्पंजी ढोकला, 15 मिनट में बनकर होगा तैयार

Suji Instant Dhokla: अगर आप भी नाश्ते में रोज वही पोहा और पराठा खाकर बोर हो चुके हैं तो यहां हम आपको इंस्टैंट ढोकला की रेसिपी बता रहे हैं जिसकी मदद से आप सुबह या शाम के नाश्ते में हेल्दी और टेस्टी ढोकला तैयार कर सकते हैं.

Advertisement
X
ऐसे बनाएं सूजी ढोकला (Photo: ITG)
ऐसे बनाएं सूजी ढोकला (Photo: ITG)

सुबह-सुबह की भागदौड़ में हर घर में एक ही सवाल गूंजता है. आज नाश्ते में क्या बनेगा. रोजाना वही पोहा, उपमा या तेल से भरे पराठे खाकर हर कोई बोर हो जाता है. ऐसे में कुछ ऐसा मिल जाए जो फटाफट बन भी जाए, खाने में हल्का हो और स्वाद में भी नंबर वन हो, तो पूरा दिन बन जाता है.

आज हम आपके लिए लेकर आए हैं सूजी और दही का एक ऐसा कॉम्बिनेशन, जो मिनटों में बनकर तैयार हो जाता है. इसे स्टीम करके बनाया जाता है, इसलिए यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है. इसके ऊपर राई, करी पत्ते और हरी मिर्च का खट्टा-मीठा तड़का जब लगता है तो इसकी खुशबू से ही भूख दोगुनी हो जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान और फुलप्रूफ तरीका.

सामग्री (Ingredients)
सूजी (रवा): 1 कप (बारीक या मोटी कोई भी)

ताजा दही: 3/4 कप

पानी: आधा कप (बैटर एडजस्ट करने के लिए)

इनो : 1 छोटा चम्मच

हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच

नमक: स्वादानुसार

चीनी: 1 छोटा चम्मच (बैटर के लिए) + 1 बड़ा चम्मच (तड़के के लिए)

तेल: 1 छोटा चम्मच (बैटर में डालने के लिए) + 1 बड़ा चम्मच (तड़के के लिए)

Advertisement

राई (ससों के बीज): 1 छोटा चम्मच

करी पत्ता: 10-12 नग

सफेद तिल: 1 छोटा चम्मच (वैकल्पिक)

लंबी कटी हरी मिर्च: 3-4 नग

बारीक कटा हरा धनिया: सजाने के लिए

बनाने का तरीका
एक बड़े बाउल में 1 कप सूजी, 3/4 कप दही, हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट, स्वादानुसार नमक, 1 चम्मच चीनी और 1 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इडली जैसा गाढ़ा घोल तैयार कर लें.

सूजी पानी सोखती है, इसलिए इस घोल को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए अलग रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.

तब तक एक कढ़ाई या स्टीमर में दो ग्लास पानी गरम होने के लिए रख दें. जिस प्लेट या बर्तन (केक टिन) में ढोकला बनाना है, उसे तेल लगाकर चिकना कर लें.

15 मिनट बाद बैटर को दोबारा चलाएं (अगर बहुत गाढ़ा लगे तो 1-2 चम्मच पानी मिला सकते हैं). अब इसमें 1 छोटा चम्मच इनो डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर इसे एक ही दिशा में हल्के हाथों से फेंटें. बैटर तुरंत फूलकर दोगुना हो जाएगा.

बिना देरी किए इस फूले हुए बैटर को चिकनाई लगी प्लेट में डालें और स्टीमर में रख दें. इसे मध्यम से तेज आंच पर 12 से 15 मिनट तक स्टीम होने दें.

Advertisement

एक टूथपिक या चाकू ढोकले के बीच में डालकर देखें, अगर वह साफ बाहर आता है तो ढोकला तैयार है. इसे बाहर निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें.

तड़का लगाने का तरीका
ढोकले का असली स्वाद उसके रसीले तड़के से ही आता है. ठंडा होने पर ढोकले को किनारों से छुड़ाकर एक प्लेट में पलट लें और उसे मनचाहे चौकोर टुकड़ों में काट लें.

तड़का पैन गरम करें: एक छोटे पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें.

मसाले चटकाएं: तेल गरम होने पर इसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे तो इसमें सफेद तिल, करी पत्ता और लंबी कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें.

पानी और चीनी डालें: अब इस पैन में आधा कप पानी, 1 बड़ा चम्मच चीनी और एक चुटकी नमक डालें. पानी में एक अच्छा उबाल आने दें ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए. आपका खट्टा-मीठा तड़का तैयार है.

ढोकले पर फैलाएं: इस गरमा-गरम तड़के वाले पानी को चम्मच की मदद से कटे हुए ढोकले के टुकड़ों पर हर तरफ अच्छी तरह फैलाते हुए डालें. ढोकला इस पानी को सोख लेगा, जिससे यह अंदर तक एकदम जूसी और सॉफ्ट हो जाएगा. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सर्व करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement