scorecardresearch
 

Homemade Magaj Mithai Recipe: दिवाली पर घर में बनाएं गुजरात की मशहूर मगज मिठाई, मुंह में घुल जाएगा दानेदार स्वाद

दिवाली पर इस बार घर पर गुजरात की मशहूर मगज मिठाई बनाएं. बेसन, देसी घी, पिसी चीनी और इलायची से तैयार होने वाली यह पारंपरिक मिठाई हल्की दानेदार होती है. जानें इसे बनाने की आसान रेसिपी और घर पर ही स्वादिष्ट मगज के लड्डू या बर्फी तैयार करें.

Advertisement
X
गुजराती मगज मिठाई पसंद करते हैं. (PHOTO:AI)
गुजराती मगज मिठाई पसंद करते हैं. (PHOTO:AI)

Homemade Magaj Mithai Recipe: दिवाली पर घर में मिठाई बनाने का अपना ही मजा है. बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय अगर आप इस बार कुछ पारंपरिक और अलग बनाना चाहते हैं, तो गुजरात की मशहूर मगज मिठाई ट्राई कर सकते हैं. बेसन, देसी घी और चीनी से बनने वाली यह मिठाई स्वाद में भरपूर होती है. इसे मगास भी कहा जाता है. इसकी खासियत है इसका हल्का दानेदार टेक्सचर, जो इसे आम बेसन की बर्फी से थोड़ा अलग बनाता है.

मगज मिठाई को दिवाली पर मेहमानों के सामने परोस सकते हैं और चाहें तो इसे लड्डू या बर्फी, दोनों शेप में तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. बस बेसन को सही तरीके से भूनना और चीनी मिलाने से पहले मिश्रण को थोड़ा ठंडा करना जरूरी है. आइए दीपावली के लिए घर पर ही मगज की मिठाई बनाने का तरीका जानते हैं.

मगज मिठाई बनाने के लिए सामग्री

  • 1 कप मोटा बेसन
  • आधा से तीन-चौथाई कप देसी घी
  • 1 कप पिसी हुई चीनी
  • 2 बड़े चम्मच दूध
  • आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • एक चौथाई छोटा चम्मच जायफल पाउडर 
  • कटे हुए बादाम और पिस्ता
  • गार्निश के लिए गुलाब की पंखुड़ियां 

मगज मिठाई बनाने का आसान तरीका

1. घी में बेसन को अच्छी तरह भूनें

Advertisement

सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में देसी घी गर्म करें. अब इसमें मोटा बेसन डालें और धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. बेसन को जल्दबाजी में हाई फ्लेम पर न पकाएं, वरना यह नीचे से जल सकता है. करीब 20 से 30 मिनट तक भूनने पर इसका कलर गोल्डन होने लगेगा और अच्छी खुशबू आने लगेगी.

2. दानेदार बनाने के लिए डालें दूध

मगज मिठाई को खास दानेदार बनावट देने के लिए दूध का इस्तेमाल किया जाता है. गैस बंद करने से ठीक पहले बेसन में करीब 2 बड़े चम्मच दूध थोड़ा-थोड़ा करके डालें और अच्छी तरह चलाएं. इस दौरान मिश्रण में बुलबुले उठ सकते हैं, इसलिए सावधानी बरतें. दूध डालने के बाद मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं.

3. इलायची और जायफल मिलाएं

अब गैस बंद कर दें और बेसन के मिश्रण में इलायची पाउडर और जायफल पाउडर डालकर मिला लें. इसके बाद मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि इसमें चीनी तब मिलानी है, जब मिश्रण बहुत गर्म न हो. ज्यादा गर्म मिश्रण में चीनी डालने से मिठाई चिपचिपी हो सकती है.

4. पिसी चीनी मिलाकर तैयार करें मिश्रण

जब बेसन का मिश्रण हल्का गर्म रह जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी डालें. इसे अच्छी तरह मिलाएं, ताकि चीनी पूरे मिश्रण में बराबर फैल जाए और गांठें न रहें. 

Advertisement

5. लड्डू या बर्फी का शेप दें

अगर आप बर्फी बनाना चाहते हैं, तो एक थाली या ट्रे में हल्का घी लगाकर मिश्रण को बराबर फैला दें. ऊपर से कटे बादाम, पिस्ता और गुलाब की पंखुड़ियां डालें. इसे कुछ घंटों के लिए जमने दें और फिर चौकोर टुकड़ों में काट लें. वहीं, अगर लड्डू बनाना चाहते हैं, तो मिश्रण के हल्का गर्म रहते हुए छोटे हिस्से लें और हथेलियों से गोल आकार दें. तैयार लड्डुओं को ठंडा होने दें. इस मिठाई को आप अपनी पसंद की शेप दे सकते हैं. 

दिवाली पर घर की मिठाई से करें मेहमानों का स्वागत

गुजरात की यह पारंपरिक मिठाई दिवाली की मिठाई की थाली में एक अलग स्वाद शामिल करती है. इसे त्योहार से पहले बनाकर साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रखें. मिठाई की बनावट और ताजगी बनाए रखने के लिए इसे नमी से बचाएं. इस दिवाली बेसन और देसी घी से बनी मगज मिठाई के साथ घर पर ही त्योहार की मिठास बढ़ाएं.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement