scorecardresearch
 

Desi Ghee Easy Tricks: घंटों नहीं मथनी पड़ेगी मलाई! इन 5 आसान ट्रिक्स से घर पर बनाएं बाजार जैसा दानेदार देसी घी

Desi Ghee Easy Tricks: अगर मलाई से देसी घी निकालना आपको मुश्किल और समय लेने वाला काम लगता है, तो ये आसान किचन ट्रिक्स आपके बहुत काम आएंगी. आज हम आपको बताएंगे कि कैसे बिना ज्यादा मेहनत, बिना लंबे समय तक मलाई मथे और बिना ढेर सारे बर्तन गंदे किए घर पर खुशबूदार और दानेदार देसी घी बनाया जा सकता है.

Advertisement
X
मिक्सर का पल्स मोड देसी घी आसानी से निकालने में बहुत काम आता है. (Photo: ITG)
मिक्सर का पल्स मोड देसी घी आसानी से निकालने में बहुत काम आता है. (Photo: ITG)

Desi Ghee Easy Tricks: अगर सब्जी-दाल में देसी घी डल जाए और रोटी पर घी लगा दिया जाए, तो उनका स्वाद दोगुना हो जाता है. देसी घी का स्वाद और खुशबू खाने का स्वाद और मजा दोनों की बढ़ा देती है. ऐसे में लोग अक्सर बाजार से 800 रुपये किलो से लेकर 1000 रुपये किलो तक का देसी घी खरीदने से भी पीछे नहीं हटते हैं. लेकिन आजकल महंगे से महंगे घी में भी मिलावट नहीं होगी इसकी कोई गारंटी नहीं देता है. इसलिए लोग घर पर देसी घी निकालना पसंद करते हैं. 

लेकिन कई लोग घर पर देसी घी निकालने में आलस कर जाते हैं. दरअसल, उन्हें लगता है कि मलाई को मथना बहुत मेहनत वाला काम है. अगर आप भी यही सोचकर पीछे हट जाते हैं, तो अब ऐसा करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको कुछ आसान किचन ट्रिक्स बताने वाले हैं, जिन्हें अपनाकर आप बिना ज्यादा मेहनत, बिना ढेर सारे बर्तन गंदे किए और बिना लंबे समय तक मलाई मथे भी घर पर दानेदार और खुशबूदार देसी घी तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं ये आसान तरीके.

1. मिक्सर की 'पल्स' सेटिंग का करें इस्तेमाल: अगर आपको मलाई को लंबे समय तक मथना झंझटभरा काम लगता है, तो घी निकालने में मिक्सर आपकी मदद कर सकता है. मिक्सर में 'पल्स' मोड होता है, जिसे इस्तेमाल करके घी निकालने में आसानी हो जाती है. 

कैसे करें?

  • मलाई को मिक्सर जार में डालें.
  • इसमें थोड़ा ठंडा पानी या 2-3 बर्फ के टुकड़े डाल दें.
  • अब मिक्सर को लगातार चलाने की बजाय 4-5 बार पल्स मोड में चलाएं.
  • आप देखेंगे कुछ ही देर में मक्खन और छाछ अलग हो जाएंगे. इससे मेहनत भी कम लगेगी और समय भी बचेगा.

2. मलाई को सीधे पैन में गर्म करें: अगर आप मलाई से मक्खन निकलाकर घी नहीं निकालना चाहते हैं, तो ये तरीका सबसे आसान है. इसमें आप सीधे मलाई से घी निकाल सकते हैं. 

कैसे करें?

  • फ्रिज या फ्रीजर में रखी मलाई को पहले नॉर्मल टेंपरेचर पर आने दें.
  • अब इसे मोटे तले वाले बर्तन या पैन में डालें.
  • धीमी आंच पर धीरे-धीरे पकाएं.
  • कुछ समय बाद मलाई खुद ही घी छोड़ने लगेगी. इस तरीके में अलग से मथने की जरूरत नहीं पड़ती है.

3. एक चुटकी बेकिंग सोडा भी आ सकता है काम: अगर मलाई कम है और आप उससे ज्यादा घी निकालना चाहते हैं, तो ये ट्रिक आपके बहुत काम आ सकती है. 

Advertisement

क्या करें?
जब मलाई को पैन में गर्म करें, तब उसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डाल दें. इससे घी निकालने के बाद बचने वाली खुरचन कम हो सकती है और घी ज्यादा साफ नजर आता है.

ध्यान रखें: बेकिंग सोडा डालने से घी की मात्रा दोगुनी हो जाती है, इसका कोई साइंटिफिक एविडेंस नहीं है. इसलिए इसका इस्तेमाल बहुत कम मात्रा में ही करें.

4. गर्मियों में बर्फ वाला तरीका अपनाएं: गर्म मौसम में मलाई को कितना भी मथ लें फिर भी मक्खन अलग होने में परेशानी होती है. ऐसे में बर्फ आपकी मदद कर सकता है.

कैसे करें?

  • मलाई को एक बड़े बर्तन में डालें.
  • उसमें बर्फ वाला ठंडा पानी मिलाएं.
  • अब चम्मच या हाथ से 2-3 मिनट तक चलाएं.
  • ठंडक की वजह से मक्खन ऊपर आ जाएगा और उसे निकालना आसान हो जाएगा.

5. घी को खुशबूदार और दानेदार बनाने की आसान ट्रिक: अगर आपका घी बाजार जैसा खुशबूदार और दानेदार नहीं बनता, तो ये तरीका अपनाएं.

क्या करें?
जब घी पूरी तरह तैयार होने वाला हो, तब उसमें 2-3 हरी इलायची या करी पत्ते की एक छोटी डंडी डाल दें. जब आप गैस बंद करने वाले हों, उससे ठीक पहले इसमें पानी की 2-3 बूंदें छिड़क दें. इससे घी में अच्छी खुशबू आ सकती है और उसका टेक्सचर भी बेहतर दिख सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement