scorecardresearch
 

Homemade Butter Masala Premix: घर पर बनाएं बाजार जैसा बटर मसाला प्रीमिक्स, हर बार ग्रेवी में आएगा ढाबे वाला स्वाद!

होटल में ग्रेवी वाली सब्जी का स्वाद काफी अलग होता है, जो लाख कोशिश के बाद भी घर की सब्जी मे नहीं आता है. ज्यादातर सब्जियों में ग्रेवी में बटर मसाला प्रीमिक्स डाला जाता है, जिसे आप भी अपने घर पर बनाकर तैयार कर सकते हैं. इसका एक चम्मच आपकी बोरिंग सब्जी को पार्टी-होटल जैसा टेस्ट देगी. आइए आपको घर पर बटर मसाला प्रीमिक्स बनाने का आसान तरीका बताते हैं.

Advertisement
X
बटर मसाला प्रीमिक्स ग्रेवी में डालते हैं. (PHOTO:AI)
बटर मसाला प्रीमिक्स ग्रेवी में डालते हैं. (PHOTO:AI)

Homemade Butter Masala Premix: रेस्टोरेंट में मिलने वाली पनीर बटर मसाला और मलाईदार ग्रेवी वाली सब्जियों का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. मगर जब भी इन्हें घर पर बनाते हैं तो वो स्वाद नहीं आता है, क्योंकि इन सब्जियों में पड़ने वाला एक खास मसाला इनके स्वाद को बढ़ाता है. होटल वाली सब्जियों में एक खास बटर मसाला प्रीमिक्स डाला जाता है, जिसकी वजह से बटर पनीर और मिक्स वेज का स्वाद दोगुना बढ़ जाता है. अगर आप भी घर पर होटल जैसी सब्जी बनाना चाहते हैं तो आपको बटर मसाला प्रीमिक्स को बाजार से खरीदकर लाने की जरूरत नहीं है. 

ऐसे में आप घर पर ही होममेड बटर मसाला प्रीमिक्स बना सकते हैं और इसे लंबे टाइम के लिए स्टोर भी करके रख सकते हैं. इसे बनाने के लिए कई तरह के साबुत मसालों, काजू और कुछ पाउडर वाली सामग्री की जरूरत होती है. एक बार यह प्रीमिक्स तैयार हो जाए, तो पनीर बटर मसाला, बटर मसाला ग्रेवी और मिक्स वेज जैसी कई सब्जियों में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे हर बार अलग-अलग मसाले मिलाने की मेहनत भी कम हो जाएगी. आइए आपको घर पर बटर मसाला प्रीमिक्स बनाने का आसान तरीका बताते हैं, जो आपकी सब्जी का स्वाद ही बदल देगा.

बटर मसाला प्रीमिक्स बनाने के लिए सामग्री

साबुत मसाले

  • साबुत धनिया – 3 बड़े चम्मच
  • जीरा – 2 बड़े चम्मच
  • चक्र फूल – 3
  • बड़ी इलायची – 4
  • लौंग – 1 बड़ा चम्मच
  • हरी इलायची – 2 बड़े चम्मच
  • जावित्री – 3 टुकड़े
  • दालचीनी – 1 टुकड़ा
  • सूखी लाल मिर्च – 10-12
  • कसूरी मेथी – 2 बड़े चम्मच

पाउडर और अन्य चीजें

Advertisement
  • लहसुन पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
  • प्याज पाउडर – ढाई बड़े चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर – 2 बड़े चम्मच
  • हल्दी पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
  • नमक – 2 बड़े चम्मच
  • मिल्क पाउडर – 3 बड़े चम्मच
  • काजू – आधा कप
  • चीनी – 2 बड़े चम्मच

कैसे बनाएं बटर मसाला प्रीमिक्स?

 साबुत मसालों को भूनें

सबसे पहले एक पैन को लो फ्लेम पर गर्म करें. इसमें साबुत धनिया, जीरा, चक्र फूल, बड़ी इलायची, लौंग, हरी इलायची, जावित्री, दालचीनी और सूखी लाल मिर्च डालें. सभी मसालों को कुछ मिनट तक हल्का भूनें. भूनते समय ध्यान रखना है कि मसालों को जलाना नहीं है, वरना उनका स्वाद कड़वा हो सकता है. 

कसूरी मेथी मिलाएं

अब पैन में कसूरी मेथी डालकर कुछ देर और भूनें. जब मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. भुने हुए मसालों को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें.

सभी सामग्री को पीसें

ठंडा होने के बाद उन पर लहसुन पाउडर, प्याज पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, नमक, मिल्क पाउडर, काजू और चीनी मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर बारीक पाउडर बना लें. अगर जरूरत हो, तो मसालों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पीसें, ताकि पाउडर अच्छी तरह तैयार हो सके.

प्रीमिक्स को स्टोर करते समय रखें ध्यान

Advertisement

तैयार प्रीमिक्स को पूरी तरह सूखे और साफ एयरटाइट जार में भरकर रखना चाहिए, इससे उनमें वो लंबे समय तक चलते हैं. इस बात क खास ध्यान रखें कि इस मसाले में काजू और मिल्क पाउडर होने के कारण इसे नमी से बचाकर रखना जरूरी है. इसे हमेशा सूखे चम्मच से निकालें और जार को इस्तेमाल के बाद अच्छी तरह बंद कर दें.

बटर मसाला प्रीमिक्स का इस्तेमाल कैसे करें?

इस प्रीमिक्स से कई तरह की सब्जियों का स्वाद बढ़ाया जा सकता है. किसी भी ग्रेवी का स्वाद बढ़ाने के लिए इसे आप टमाटर की प्यूरी और मक्खन के साथ डालकर ग्रेवी तैयार कर सकते हैं. इसके अलावा आप इसे सूखी मिक्स वेज में भी मसालों के साथ डाल सकते हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement