
ऑस्कर की Vanity Fair After Party में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस, ईशा अंबानी और आनंद पीरामल के साथ मस्ती करते नजर आए. प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पार्टी की इनसाइड फोटो शेयर की है, जिसमें चारों साथ में एंजॉय करते दिखाई दे रहे हैं.
इस खास मौके पर अंबानी परिवार की लाडली ईशा अंबानी ने ‘स्वदेशी’ टच वाला शानदार आउटफिट पहनकर महफिल ही लूट ली. उनका लुक ग्लैमर के साथ भारतीय हैंडलूम और इंटरनेशनल फैशन का खूबसूरत मेल दिखा रहा था, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. चलिए जानते हैं ऑस्कर 2026 की आफ्टर पार्टी में ईशा क्या पहनकर पहुंचीं.
ऑस्कर आफ्टर पार्टी की इनसाइड झलक
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आफ्टर पार्टी की एक झलक शेयर की, जिसमें वो ईशा अंबानी और आनंद पीरामल के साथ पोज देती नजर आ रही हैं. इस फोटो में प्रियंका चोपड़ा, निक जोनस, ईशा अंबानी और आनंद पीरामल साथ में नजर आ रहे हैं. चारों के चेहरे पर मुस्कुराहट है और साफ दिख रहा है कि वो पार्टी को खूब एंजॉय कर रहे हैं. हल्की रोशनी में ली गई ये सेल्फी इस पल को और खास बना रही है, जहां सभी सितारे सिंपल लेकिन स्टाइलिश अंदाज में मस्ती करते दिख रहे हैं.

क्यों खास था ईशा का आफ्टर-पार्टी लुक?
ऑस्कर आफ्टर पार्टी के लिए ईशा अंबानी का लुक बेहद खास और अलग नजर आया. उन्होंने Swadesh x Dilara Findikoglu का कस्टम आउटफिट पहना था, जो बनारसी ब्रोकेड से तैयार किया गया था. ये गोल्ड स्कर्ट सूट था, जिसे ब्लैक ऑर्गेंजा फैब्रिक की लेयर के साथ स्टाइल किया गया था. आउटफिट में कॉर्सेट स्टाइल की शॉर्ट-स्लीव जैकेट थी, साथ में फिटेड स्कर्ट, जिस पर रफल्ड ऑर्गेंजा और पीछे ट्रेलिंग टेल दी गई थी. ऑर्गेंजा के अंदर की तरफ गोल्ड बीडवर्क की लेयर लगी था, जबकि ऊपर ब्लैक बीडिंग शिमर कर रही थी, जिससे लुक बहुत अट्रैक्टिव लगा.
बनारसी ब्रोकेड की खासियत
इस ड्रेस की सबसे बड़ी खासियत इसका फैब्रिक था, जो वाराणसी (काशी) में तैयार किया गया था. ये बनारसी ब्रोकेड इंडियन मलबेरी सिल्क और हल्के गोल्ड जरी से बुना गया था. इसे पारंपरिक पिट लूम पर तैयार किया गया, जहां डिजाइन पहले नक्शाबंदी तकनीक से बनाए गए और फिर हैंड कार्ड पंचिंग से बुने गए. इसके मोटिफ्स पुराने बनारसी खिड़कियों की ज्योमेट्रिक डिजाइन से इंस्पायर्ड थे. इसे 'दो दामा' तकनीक से बुना गया था, जिसके कारण कपड़ा सॉफ्ट भी रहा और डिजाइन भी साफ नजर आया. स्वदेश ऑनलाइन की पोस्ट के मुताबिक, ये आउटफिट भारतीय कारीगरों की मेहनत और सदियों पुरानी कला की खूबसूरत झलक देता है.

गॉथिक टच और परफेक्ट सिल्हूट
इस आउटफिट में हल्का गॉथिक टच भी देखने को मिला. कॉर्सेट बॉडी ने ईशा के बॉडी फिगर को खूबसूरती से डिफाइन किया, जबकि वेस्ट पर हल्का फ्लेयर था. मिड-काफ लेंथ वाली स्कर्ट के हेम पर ब्लैक ट्यूल डिटेलिंग थी, जिसने पूरे लुक को और ड्रामेटिक बना दिया. ब्लैक एक्सेंट्स ने इस आउटफिट में एक अलग ही एलीगेंस जोड़ दी.
मेकअप और जूलरी ने कंप्लीट किया लुक
ईशा ने मेकअप को सिंपल और नेचुरल रखा, जिससे उनका नेचुरल लुक उभरकर सामने आया. उन्होंने डिफाइंड ब्रोज, ब्रॉन्ज आईशैडो, मस्कारा और न्यूड लिपस्टिक के साथ अपने ऑउटफिट को हाइलाइट किया. एक्सेसरीज की बात करें तो उन्होंने ब्लैक पंप्स और डायमंड ड्रॉप ईयररिंग्स पहने. उन्होंने अपने बालों को सॉफ्ट वेव्स में स्टाइल करके खुला रखा.