सोशल मीडिया पर भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वो एयरपोर्ट पर बिना सिक्योरिटी चैक के एंट्री कर रहे हैं. वहीं, इस वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी समेत कई खिलाड़ियों के भी वीडियो हैं और वो सिक्योरिटी चैकिंग करवाते नजर आ रहे हैं. ऐसे में लोगों का सवाल है कि आखिर तेंदुलकर को सिक्योरिटी चैक प्रोसेस से क्यों नहीं गुजरना पड़ रहा. तो जानते हैं इसके पीछे क्या कारण है और क्यों इन्हें स्पेशल ट्रीटमेंट दिया जाता है.
क्यों नहीं करवानी होती चैकिंग?
वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि करना तो मुश्किल है कि वो सिक्योरिटी चैंकिंग में हिस्सा ले रहे हैं या नहीं. लेकिन, वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सचिन तेंदुलकर को सिक्योरिटी चैकिंग में हिस्सा नहीं लेना होता, जो सही है. सचिन तेंदुलकर भारत में एयरपोर्ट में बिना चैकिंग के जा सकते हैं. इसका कारण ये है कि वो भारत के सर्वौच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित हैं. भारत रत्न से सम्मानित होने की वजह से उन्हें कुछ खास सुविधाएं भी मिलती हैं.
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के नियमों के अनुसार, भारत में कुछ लोगों को एयरपोर्ट में प्री एम्बार्केशन सिक्योरिटी से छुट दी जाती है, जिसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत करीब 33 कैटेगरी के लोग शामिल है, जिनकी लिस्ट नीचे दी गई है. इस लिस्ट में भारत रत्न से सम्मानित लोगों का नाम भी शामिल है. साल 2011 और 2015 में सरकार की ओर से दी गई लिस्ट में उन लोगों के नाम शामिल हैं, जिन्हें सिक्योरिटी चैक में शामिल नहीं होना होता. इस वजह से सचिन तेंदुलकर भी बिना सिक्योरिटी चैक के जा सकते हैं.

ले सकते हैं डिप्लोमेटिक पासपोर्ट
बता दें कि भारत सरकार की ओर से कई तरह के पासपोर्ट जारी किए जाते हैं, जिसमें एक डिप्लोमैटिक पासपोर्ट भी होता है. ये पासपोर्ट मरुन रंग का होता है. भारत रत्न से सम्मानित शख्स को डिप्लोमैटिक पासपोर्ट जारी किया जा सकता है. इससे हवाई अड्डों पर फास्ट-ट्रैक इमिग्रेशन और कस्टम्स में आसानी रहती है और वीआईपी प्रोटोकॉल भी मिलता है.

क्या सुविधाएं मिलती हैं?
इसके अलावा भारत रत्न से सम्मानित लोगों को एयर इंडिया में फ्री प्लेन यात्रा का मौका मिलता है. 2021 में आरटीआई में सामने भी आया था कि सभी भारत रत्न से सम्मानित लोगों से सिर्फ अमर्त्य सेन ने 2015 और 2019 के बीच 21 बार यात्रा करके इस सुविधा का लाभ उठाया था.

वैसे आमतौर पर अन्य विजेता इस सुविधा का फायदा नहीं उठाते हैं. एयर इंडिया के अनुसार, विजेताओं को फ्री टिकट दी जाती है, जो इकोनॉमी क्लास की होती है, लेकिन उसे अपग्रेड कर दिया जाता है.