उत्तराखंड के बागेश्वर में शनिवार सुबह एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की दिनदहाड़े हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया. राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रिंसिपल दयानंद टम्टा पर स्कूल जाते समय धारदार हथियार से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल प्रिंसिपल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: बागेश्वर महाराज के भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार, जमीन विवाद मामले में गोली मारने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उसी राजकीय इंटर कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात था. पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है और सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.
क्या वेतन विवाद बना हत्या की वजह?
पुलिस जांच में अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक आरोपी क्लर्क पिछले करीब दो महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था. लगातार अनुपस्थिति के चलते प्रिंसिपल दयानंद टम्टा ने उसका वेतन रोक दिया था. पुलिस इसी विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है.
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी एक कारण को अंतिम नहीं माना जा सकता. आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या घटना पहले से सुनियोजित थी.
घटना ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. सुबह स्कूल जाने के दौरान हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सकते में हैं.
फॉरेंसिक टीम जुटा रही वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए अल्मोड़ा से फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू, खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है.
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच की मदद से पूरे घटनाक्रम को वैज्ञानिक तरीके से जोड़ने की कोशिश की जा रही है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है.
आरोपी क्लर्क से पूछताछ जारी है. पुलिस उसके बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का मिलान कर रही है ताकि हत्या की पूरी टाइमलाइन तैयार की जा सके.
एसपी बोले- सभी पहलुओं से हो रही जांच
बागेश्वर के एसपी जितेंद्र मेहरा ने बताया कि शनिवार सुबह राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रिंसिपल दयानंद टम्टा की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया दोनों के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है. हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है. हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है.
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.