scorecardresearch
 

'उसे फंसाया गया, उसका किडनैप हुआ था', फिनलैंड पुलिस से असहमत बिलखती मां के गंभीर सवाल

हैदराबाद के 18 वर्षीय छात्र मणिदीप रेड्डी का शव फिनलैंड के हेलसिंकी में समुद्र से बरामद हुआ है. वह 5 मई से लापता था. फिनलैंड की पुलिस ने फिलहाल किसी आपराधिक साजिश के सबूत नहीं मिलने की बात कही है, लेकिन परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए भारत और फिनलैंड सरकार से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है.

Advertisement
X
दो महीने बाद हेलसिंकी के समुद्र से मिला मणिदीप रेड्डी का शव. (File Photo: ITG)
दो महीने बाद हेलसिंकी के समुद्र से मिला मणिदीप रेड्डी का शव. (File Photo: ITG)

फिनलैंड में पढ़ाई कर रहे हैदराबाद के 18 वर्षीय छात्र मणिदीप रेड्डी की मौत का मामला अब सवालों के घेरे में आ गया है. करीब दो महीने पहले लापता हुए मणिदीप का शव हेलसिंकी के समुद्र से बरामद हुआ है. इस घटना के बाद परिवार ने मौत पर गंभीर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. फिनलैंड के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल उन्हें किसी आपराधिक साजिश के सबूत नहीं मिले हैं. हालांकि, मौत के कारणों की जांच अभी जारी है.

मणिदीप रेड्डी हैदराबाद के हयातनगर का रहने वाला था. वह फिनलैंड की एलयूटी यूनिवर्सिटी में सॉफ्टवेयर एंड सिस्टम्स इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था. जानकारी के अनुसार, 5 मई को वह लाहटी से हेलसिंकी गया था. इसके बाद वह लापता हो गया. काफी समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. बाद में हेलसिंकी के समुद्र से उसका शव बरामद हुआ. भारतीय दूतावास ने इस बारे में उसके परिवार को सूचना दी.

परिवार ने जताई हत्या की आशंका

मणिदीप के परिवार का कहना है कि यह सामान्य या दुर्घटनावश हुई मौत नहीं हो सकती. परिवार का आरोप है कि इस मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच होनी चाहिए. मणिदीप की मां ममता रेड्डी ने कहा कि पहले दिन से ही उन्हें लगता था कि उनके बेटे को किसी ने फंसाया और उसका अपहरण किया है. उनका कहना है कि उनका बेटा बिना किसी वजह के अचानक गायब नहीं हो सकता था. उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस मामले में बहुत कुछ सामने आना बाकी है और सच सामने आना चाहिए.

Advertisement

पिता ने भी उठाए कई सवाल

मणिदीप के पिता जी. मुथ्यम रेड्डी ने भी मौत पर संदेह जताया है. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह स्वाभाविक मौत है. उनके अनुसार, उनके बेटे के पास ऐसा कोई कारण नहीं था कि वह ऐसा कोई कदम उठाए. उन्होंने कहा कि इस मामले में कई सवालों के जवाब अभी तक नहीं मिले हैं और उन्हें किसी साजिश की आशंका है. उन्होंने भारत और फिनलैंड, दोनों सरकारों से अपील की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कराई जाए. यदि इस मामले में कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

फिनलैंड की पुलिस क्या कह रही है

फिनलैंड के अधिकारियों ने कहा है कि अभी तक जांच में किसी आपराधिक अपराध के सबूत नहीं मिले हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. उधर, परिवार लगातार इस मामले की गहराई से जांच की मांग कर रहा है. उनका कहना है कि जब तक सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक मणिदीप की मौत को सामान्य घटना मानना सही नहीं होगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement