scorecardresearch
 

तमिलनाडु: लापता बच्ची की हत्या के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, अन्नामलाई ने CM विजय को घेरा

तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में भारी तनाव है. सुलुर में स्थानीय लोग और परिजन सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. वहीं, BJP नेता के. अन्नामलाई ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विजय पर कानून-व्यवस्था में विफलता का आरोप लगाया है.

Advertisement
X
10 साल बच्ची की हत्या कर दी गई. (Photo- PTI)
10 साल बच्ची की हत्या कर दी गई. (Photo- PTI)

तमिलनाडु के कोयंबटूर में दो दिन से लापता एक 10 साल की मासूम बच्ची का शव मिला था. इस मामले को लेकर पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है. इस दर्दनाक घटना के विरोध में सुलुर इलाके में स्थानीय जनता और परिजनों ने सड़कों पर उतरकर बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किया.

इस हत्याकांड को लेकर राज्य में सियासत भी शुरू हो गई है. BJP के वरिष्ठ नेता के. अन्नामलाई ने इस मामले को लेकर राज्य की TVK सरकार और मुख्यमंत्री विजय पर तीखा हमला बोला है.

बच्ची की हत्या पर बीजेपी नेता अन्नामलाई ने गहरा दुख जताता है. उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए दावा किया कि सरकार बदलने के बावजूद तमिलनाडु के शासन में कुछ भी नहीं बदला है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल 21 मई को कोयंबटूर के सुलुर इलाके में रहने वाली 10 साल की बच्ची अपने घर के पास ही बाहर खेल रही थी. खेलते-खेलते वो लापता हो गई थी. जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो माता-पिता और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो परेशान माता-पिता ने उसी दिन स्थानीय पुलिस स्टेशन में अपनी बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. 

Advertisement

बच्ची की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन

पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी. आखिरकार बच्ची का शव कन्नमपालयम के पास बरामद हुआ. मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे सुलुर और कोयंबटूर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय निवासी और पीड़ित परिवार के लोग इंसाफ की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने सुलुर में जगह-जगह सड़क जाम कर दी और कानून-व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. 

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि बच्ची की हत्या करने वालों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए. इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

दो आरोपी हिरासत में, भागने की कोशिश में एक घायल

पुलिस ने मासूम के शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. वहीं, इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान कार्तिक और मोहनराज के रूप में हुई है. 

जब पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने गई, तो आरोपी कार्तिक ने मौके से भागने की कोशिश की. भागने की कोशिश के दौरान कार्तिक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह सामने आ सके.

Advertisement

तमिलनाडु के सीएम विजय ने इस घटना की निंदा की और दोषियों को सख्त सजा दिलवाने की बात कही. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कल कोयंबटूर में 10 साल की लड़की के साथ जो भयानक घटना हुई, वो बहुत दर्दनाक और चौंकाने वाली है. ऐसे अमानवीय और माफ न किए जा सकने वाले अपराध हमारे समाज में कभी स्वीकार नहीं किए जा सकते.'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं लड़की के परिवार वालों के साथ अपना गहरा दुख जताता हूं जो अपनी प्यारी बच्ची को खोने का शोक मना रहे हैं. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मैंने पुलिस को घटना की पूरी और तेजी से जांच करने और तुरंत चार्जशीट फाइल करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है.'

यह भी पढ़ें: 'मैं खुद नहीं लड़ना चाहता...', बीजेपी की लिस्ट में नाम न होने पर अन्नामलाई ने तोड़ी चुप्पी

बीजेपी नेता अन्नामलाई ने CM विजय पर साधा निशाना

अन्नामलाई ने कहा, 'जो असुरक्षित स्थिति पहले DMK सरकार के दौरान बनी हुई थी, वही स्थिति आज भी लगातार जारी है. TVK को सरकार में आए अभी महज दो हफ्ते ही हुए हैं. मुख्यमंत्री विजय को ये समझना चाहिए कि शपथ ग्रहण समारोहों के बीच उन्हें महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त और ठोस कदम उठाने होंगे.'

Advertisement

AIADMK ने भी टीवीके सरकार का घेराव करते हुए कहा, 'कोयंबटूर जिले के सुलूर के पास 10 साल के लड़के को किडनैप करके उसकी हत्या करने की घटना से पूरे तमिलनाडु में बहुत ज्यादा सदमा और दुख है. ऐसी खबरें भी आई हैं कि लड़के की मौत से पहले उसका यौन शोषण भी किया गया होगा, जिससे लोगों में डर और गुस्सा और बढ़ गया है. ये बहुत दुख की बात है कि ये सरकार, जिसका काम महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पक्का करना है, ऐसी घिनौनी घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement