राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में गुरुवार को पहली एफआईआर दर्ज की गई. श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर और एसआईआटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज हुई है, जिसमें आठ लोगों को नामजद किया है. इनमें चंपत राय का ड्राइवर टिन्नू यादव भी है.
एफआईआर दर्ज होने की खबर मिलने के बाद आज तक ने टिन्नू यादव से बात की और उनसे इस पर सवाल पूछा. इस पर टिन्नू यादव ने कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं है. मुझे एफआईआर की कोई जानकारी नहीं है. हमें कुछ नहीं कहना है.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. श्री कृष्ण मोहन की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है. शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कदम उठाया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, एफआईआर में आठ लोगों को नामजद किया गया है. यह एफआईआर रमाशंकर यादव (टिन्नू यादव), अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष, करुणेश और लवकुश मिश्रा के खिलाफ दर्ज की गई है.

एफआईआर में नामजद आठ आरोपियों में से दो मुख्य आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा को अरेस्ट कर लिया गया है. अविनाश त्रिपाठी करुणेश पांडे सुभाष चंद्र मनीष यादव को हिरासत में लिया गया है.
बता दें कि यूपी सरकार के निर्देश पर बीएनसी के तहत 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61 और 3(5) की धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई है. यह एफआईआर चोरी, चोरी में मदद करने, गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक षडयंत्र की धाराओं में दर्ज की गई है. यह मामला रामजन्मभूमि कोतवाली में दर्ज हुआ है.