बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'राहुल गांधी का ट्रैक रिकॉर्ड कांग्रेस के लिए समस्या' बन गया है. उन्होंने दावा किया कि 'राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से स्थापित करने के लिए पार्टी ने कई प्रयोग किए, लेकिन कोई भी सफल नहीं हुआ.' त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब अपनी पार्टी को कमजोर करने के बाद देश की पूरी व्यवस्था को बदलने की कोशिश कर रही है.
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कभी बीजेपी को अपने दम पर स्पष्ट बहुमत मिलना एक सपना था, जो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ. उन्होंने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में पार्टी 50 सीटों से नीचे आ गई थी और तीसरे प्रयास में भी वह लोकसभा में 100 सीटों का आंकड़ा नहीं छू पाई.
यह भी पढ़ें: 'हर 6 माह में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता', राहुल गांधी पर अमित शाह का निशाना
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के चुनावों को लोकतांत्रिक बनाने, उम्मीदवारों का चयन चुनाव के जरिए करने और युवा नेताओं की टीम तैयार करने जैसे प्रयोग किए, लेकिन वे सफल नहीं हुए. उन्होंने राहुल गांधी के परिवारवाद खत्म करने के वादे पर भी सवाल उठाया और कहा कि आज नेहरू-गांधी परिवार के तीन सदस्य संसद में हैं.
राहुल गांधी के विदेश दौरों और बयानों पर सवाल
बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर संदिग्ध लोगों से मिलते हैं और भारत विरोधी प्रचार करते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं. त्रिवेदी ने राहुल गांधी के उन बयानों का जिक्र किया, जिनमें उन्होंने अधिकारियों से संदेश मिलने और चुनाव आयोग से जुड़े लोगों से जानकारी मिलने की बात कही थी.
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में योजना बनाने की जरूरत नहीं समझी जा रही, क्योंकि उनके मुताबिक योजना कहीं और बन रही है और राहुल गांधी केवल उसे लागू कर रहे हैं. उन्होंने संसद में राहुल गांधी के व्यवहार और बराक ओबामा की किताब ए प्रॉमिस्ड लैंड में उनके बारे में लिखी गई टिप्पणी का भी हवाला दिया.
कांग्रेस के इतिहास और संस्थाओं को लेकर आरोप
सुधांशु त्रिवेदी ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सत्ता के लिए देश को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने 1984 में सिखों के नरसंहार का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन पर भी सवाल किया.
यह भी पढ़ें: 'अगले 30 साल आपका नंबर नहीं लगने वाला, मुझे मालूम है आप विदेश में...', अमित शाह ने राहुल गांधी को घेरा
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी लड़ाई इंडियन स्टेट से भी है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न्यायपालिका, संसद, मीडिया और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है. साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म को लेकर कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए. ये आरोप सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना करते हुए लगाए हैं.