मंगलवार को देश के चार राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है. इनमें पांच विधानसभा सीटें और एक लोकसभा सीट शामिल है. इन सीटों पर बीजेपी, कांग्रेस, TMC, DMK, TVK, CPI और अन्य पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा. नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर विशेष राजनीतिक घटनाक्रम के कारण चुनावी लड़ाई और भी दिलचस्प हो गई है. नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित होंगे.
नगांव सीट
असम की नगांव लोकसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव होने जा रहा है. इस सीट पर बीजेपी ने पूर्व IAS अधिकारी देबाशीष अधिकारी को चुनावी मैदान में उतारा है. वहीं, कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को यहां से प्रत्याशी बनाया है. AIDUF ने मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल को चुनावी मैदान में उतारकर त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया है.
दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से प्रद्युत बोरदोलोई ने यहां से जीत हासिल की थी. लेकिन बाद में वे बीजेपी में शामिल हो गए और विधानसभा चुनाव में दिसपुर से जीत हासिल की. जिसके कारण नगांव सीट पर अब उपचुनाव होना है.
नंदीग्राम सीट
पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाला है. नंदीग्राम और रेजीनगर में बुधवार को चुनाव होना है. नंदीग्राम बीजेपी के लिए बहुत ही खास सीट है क्योंकि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से जीत दर्ज की थी. हालांकि, भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी. जिसके बाद अब इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है.
नंदीग्राम में बीजेपी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत PA चंद्रानाथ रथ की मां हासिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को चुनावी मैदान में उतारा है.
यह भी पढ़ें: नंदीग्राम-रेजीनगर उपचुनाव में प्रचार का आखिरी दिन, वोटरों को साधने के लिए BJP-कांग्रेस समेत दलों ने झोंकी ताकत
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुट ने संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया जिसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया था. वहीं, TMC के बागी गुट ने भी नंदीग्राम में अपना उम्मीदवार उतारा है. मोहम्मद एतेशामुल हक को बागी गुट ने उम्मीदवार बनाया है.
नंदीग्राम सीट पहले ही काफी चर्चित थी, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के बाद यह सीट और ज्यादा चर्चा में आ गई. हालांकि, मिलन प्रधान को मामले में अंतरिम जमानत मिल गई है. बुधवार को इस सीट पर मतदान होना है.
रेजीनगर सीट
रेजीनगर सीट पर बुधवार को उपचुनाव होना है. हुमायूं कबीर की पार्टी AJUP की ओर से रेजीनगर उपचुनाव के लिए हुमायूं कबीर के ही बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया है. वहीं, बीजेपी ने शंकराव (शखारव) सरकार को उम्मीदवार बनाया है. ममता बनर्जी गुट की ओर से रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि बागी गुट ने सफीउद्दीन शेख को उम्मीदवार बनाया है.
रेजीनगर की अगर बात करें तो यह हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर ने नवादा और रेजीनगर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी, जीत के बाद उन्होंने रेजीनगर सीट छोड़ दी.
मदुरंतकम
तमिलनाडु की मदुरंतकम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है. DMK ने यहां से पूर्व विधायक और पार्टी के विधि विभाग के संयुक्त सचिव आई. परंथमेन को मैदान में उतारा है. वहीं, TVK की ओर से के. मरगथम कुमारवेल को मैदान में उतारा गया है. सीपीएम की ओर से सुगंधी को चुनावी मैदान में उतारा गया है.
AIADMK विधायक मरगथम कुमारवेल ने विधायक बनने के कुछ ही हफ्तों बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है. खास बात तो ये है कि इस्तीफे के बाद वे TVK में शामिल हो गई और उन्हीं की ओर से उपचुनाव लड़ने वाली हैं.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में उपचुनाव के बीच नवजातों को 1 ग्राम सोना! CM विजय की योजना पर EC में शिकायत
धारापुरम
तमिलनाडु की धारापुरम विधासनभा सीट पर भी उपचुनाव होना है. यह सीट भी AIADMK पी. सत्यबामा के इस्तीफे के कारण कारण हुई और यहां उपचुनाव हो रहा है. पी. सत्यबामा इस्तीफे के बाद TVK में शामिल हो गई और अब TVK की ओर से धारापुरम की प्रत्याशी हैं. वहीं, DMK ने एस. सुगन्या को चुनावी मैदान में उतारा है. CPI ने पी. लक्ष्मणन को धारापुरम से प्रत्याशी बनाया है.
पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट
पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है. पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने चुनाव में थट्टनचावडी और मंगलम दोनों सीटों से जीत हासिल की थी. उनके थट्टनचावडी सीट छोड़ने के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है. AINRC ने अशोक आनंद को प्रत्याशी बनाया है, उन्हें BJP और AIADMK समर्थन दे रही है. वहीं, कांग्रेस ने ई. विनयगम को चुनावी मैदान में उतारा है. TVK ने भी उन्हें समर्थन देने का ऐलान किया है.
वहीं, DMK ने के. सेतु सेल्वम को चुनावी मैदान में उतारा है. जबकि CPI ने मोहम्मद मोहम्मद सलीम ए. को प्रत्याशी बनाया है.