केरल में बिजली कटौती के बीच ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज निकालने के मामले में पुलिस ने पुणे से एक शख्स को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान कैथारम निवासी विष्णु के रूप में हुई है. उसे रविवार को पुणे में उसके एक दोस्त के घर से पकड़ा गया. अब पुलिस उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बिजली आपूर्ती बाधित करने के पीछे उसकी मंशा क्या थी.
यह मामला पिछले महीने का है, जब बिजली संकट के बीच केरल राज्य बिजली बोर्ड (KSEB) ने बिजली कटौती लागू की थी. इसी दौरान संदिग्ध तरीके से ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज निकाल दिया गया था. जिससे लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही.
बिजली ना आने से परेशान स्थानीय लोग केएसईबी कार्यालय पहुंचे. शिकायत के बाद अधिकारियों ने ट्रांसफॉर्मर की जांच की, तो फ्यूज निकालने की बात सामने आई. इसके बाद बिजली बोर्ड ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
CCTV फुटेज से मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद नॉर्थ परावुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर विष्णु पर शक आया. इसके बाद साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया.
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद विष्णु केरल छोड़कर चला गया था. बाद में उसकी लोकेशन पुणे में मिली, जहां पुलिस ने रविवार को उसके दोस्त के घर से उसे गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: केरल में ‘ऑपरेशन स्पा’ से मचा हड़कंप, यौन शोषण की शिकायतों के बाद छापे
राजनीतिक पहलू की भी होगी जांच
इस मामले को राजनीतिक एंगल से भी जोड़ कर देखा जा रहा है. कैथारम, परावुर विधानसभा क्षेत्र में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन करते हैं. हालांकि, अभी तक पुलिस ने घटना के पीछे किसी राजनीतिक साजिश की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना की वजह जानने की कोशिश की जाएगी. जांचकर्ता यह भी पता लगाएंगे कि फ्यूज निकालने के पीछे बिजली कटौती को लेकर नाराजगी थी या कोई दूसरा मकसद.