
झारखंड में जेपीएससी पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों की भूख हड़ताल के बीच झारखंड सरकार में सहयोगी कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अब एक्टिव हो गए हैं. राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस मुद्दे पर चिट्ठी लिखी है. सीएम सोरेन को लिखी चिट्ठी में राहुल गांधी ने सलाह दी है कि प्रोटेस्टर्स से खुद मिलिए और उनका समाधान कीजिए.
राहुल गांधी ने सीएम सोरेन को लिखे पत्र में कहा है कि कांग्रेस पार्टी का मत है कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभों में से एक है. उन्होंने यह भी कहा है कि हमने पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है.
राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी ने अपने कंट्रोल में ले लिया है, ऐसा हम मानते हैं. उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में भी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ छात्र प्रोटेस्ट कर रहे हैं. उनका प्रोटेस्ट शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगें जायज हैं.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का पत्र लेकर CM हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस नेता, जानें छात्र आंदोलन पर क्या कहा
राहुल गांधी ने झारखंड सरकार की ओर से कमेटी गठित कर बातचीत किए जाने की तारीफ की है और सुझाव दिया है कि प्रोटेस्टर्स से सीएम खुद मुलाकात करें. उन्होंने कहा है कि इससे प्रोटेस्टर्स की चिंताएं दूर करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: UGC-NET की 3 परीक्षाएं रद्द होने पर भड़के राहुल गांधी, बोले- 'मोदी जी देखिए NTA ने क्या किया'
राहुल गांधी ने आगे कहा है कि भारत का युवा ही उसका भविष्य है. उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता और समर्थन भी व्यक्त किया है. राहुल गांधी ने सीएम सोरेन को सलाह दी है कि प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों को सुनने और इस मसले के समाधान की दिशा में उचित कार्रवाई करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करें.