नौतपा चल रहा है और इसकी तपिश से पूरा उत्तर भारत जल रहा है. देश के कई राज्यों में मंगलवार को भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिला. उत्तर प्रदेश के बांदा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बांदा मंगलवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा. मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है. इसी बीच मौसम विभाग ने राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में अधिकतम 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की चेतावनी दी हैं.
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत कई इलाकों में लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भी गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है. एजेंसी के अनुसार, राजस्थान के श्री गंगानगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. IMD के चेतावनी के मुताबिक, शहर का तापमान बुधवार को 48 डिग्री और गुरुवार को 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. श्री गंगानगर के एक स्थानीय निवासी ने कहा, 'हालात काफी मुश्किल होते जा रहे हैं. यहां गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. पशु-पक्षियों के लिए की हालत बेहद खराब है. आम लोग भी सिर्फ जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं, वरना घरों के अंदर ही रह रहे हैं.' मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया.
यूपी के बांदा ने महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी को पीछे छोड़ दिया, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था. मैदानी इलाकों में 45 डिग्री से ऊपर तापमान होने पर हीटवेव घोषित की जाती है, जबकि 47 डिग्री से ज्यादा तापमान को गंभीर हीटवेव माना जाता है. यूपी में उरई में 45.8 डिग्री, झांसी में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री, आगरा में 45.3 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गर्म रातों की भी चेतावनी दी है.
यह भी पढ़ें: बांदा से विदर्भ तक पारा हाई... नौतपा शुरू होते ही तपने लगे शहर-शहर
यूपी के अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी मंगलवार को भीषण गर्मी जारी रही. ब्रह्मपुरी में 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा रहा. चंद्रपुर में 46.4 डिग्री, वर्धा में 46 डिग्री, नागपुर के सोनेगांव एयरपोर्ट क्षेत्र में 45.5 डिग्री और गोंदिया में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी से बेहाल रही. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है. दिनभर चल रही गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आयानगर का तापमान हीटवेव के आधिकारिक मानक से सिर्फ 0.2 डिग्री कम रहा. इसी तरह रिज क्षेत्र का तापमान हीटवेव के मानक से सिर्फ 0.4 डिग्री, लोधी रोड 0.7 डिग्री कम रहा. राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाके हीटवेव की स्थिति के बेहद करीब पहुंच गया हैं.
यह भी पढ़ें: नौतपा का ताप झुलसा रहा... ये हैं देश की सबसे 7 गर्म जगह
हरियाणा के सिरसा में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. रोहतक में 45.6 डिग्री, भिवानी और हिसार में 44.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. पंजाब के बठिंडा में पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि पटियाला, लुधियाना और अमृतसर में भी तेज गर्मी रही.
कब तक मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताह के आखिर में लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने बताया 28 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. 30 मई से मौसम गतिविधियां और तेज हो सकती हैं और जून के पहले सप्ताह तक इसका असर बना रह सकता है. इसके चलते 29 मई से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.