निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की याचिकाओं पर 26 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो सकती है. फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर इन याचिकाओं के लिए कम्प्यूटर जनरेटेड तारीख 26 अक्टूबर दिखाई दे रही है.
हालांकि, याचिकाओं की सुनवाई की तारीख अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं मानी जा सकती. इस मामले में सुनवाई कब होगी, यह याचिकाओं के सूचीबद्ध होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
बता दें, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सॉगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एम.ए. बेबी, डी जारा, महुआ माझी और सुप्रिया सुले ने निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर याचिका दायर की है. विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर लंबे समय से सवाल उठाता रहा है.
गौरतलब है, कुछ दिनों पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया था. विपक्षी नेता लगातार चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर सवाल कर रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'सिर में डंडा मारा, चेहरा नोचा', राहुल गांधी के साथ आए NSUI प्रदर्शनकारियों का पुलिस पर टॉर्चर का आरोप
विपक्ष की ओर से दायर याचिका में निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को पक्षकार बनाया गया है. विपक्षी दलों का आरोप है कि एसआईआर की प्रक्रिया और चुनावी अनियमितताओं से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं.
इससे पहले भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने इस मुद्दे पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया था. उन्होंने कहा था कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है. इसके बाद विपक्ष ने निर्धारित न्यायिक प्रक्रिया के तहत याचिका दायर करने का रास्ता अपनाया.