डीएमके (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) और कांग्रेस के बीच दरार लगातार गहराती जा रही है. डीएमके ने लोकसभा में कांग्रेस के साथ बैठने से इनकार किया है. अब माना जा रहा है कि लोकसभा में कांग्रेस से अलग एक सीटिंग ब्लॉक आवंटित करने की डीएमके की मांग को लगभग मंजूरी मिल गई है.
लोकसभा में सीटिंग व्यवस्था बदलने की मांग के बाद अब राज्यसभा में भी डीएमके की सीट को बदलने की मांग तेज हो गई है. बताया जा रहा है कि पार्टी ने राज्यसभा में भी सीटिंग अरेंजमेंट में बदलाव की मांग रखी है.
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की मांग और भावनाओं से राज्यसभा के सभापति को अवगत करा दिया गया है. वर्तमान में राज्यसभा में डीएमके कांग्रेस के साथ विपक्षी दलों के पहले ब्लॉक में बैठती है.
प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत डीएमके को दूसरे ब्लॉक में स्थानांतरित किए जाने की संभावना है. बता दें, कनिमोझी ने 7 मई को राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर पार्टी की सीटिंग व्यवस्था में बदलाव की मांग की थी.
यह भी पढ़ें: लोकसभा में कांग्रेस के साथ नहीं बैठेगी DMK, इंडिया ब्लॉक से भी बनाई दूरी
इंडिया ब्लॉक से भी बनाई दूरी
डीएमके ने इंडिया ब्लॉक से भी दूरी बनाने का फैसला किया है. इसके पीछे का कारण डीएमके ने कांग्रेस को बताया है. डीएमके ने एक बयान में कहा, वह 8 जून को होने वाली इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में भाग नहीं लेगी. कांग्रेस की भागीदारी के चलते डीएमके ने बैठक का बहिष्कार करने की घोषणा की है.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद डीएमके और कांग्रेस के रिश्तों में खटास लगातार बढ़ती गई है. चुनाव में कांग्रेस को 5 सीटें मिली थीं. नतीजों के बाद कांग्रेस ने विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने का फैसला किया. कांग्रेस के इस कदम से डीएमके नाराज हो गई. पार्टी ने कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए उसे धोखेबाज करार दिया.