अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का लंबी बीमारी के कारण शनिवार को निधन हो गया. उनकी उम्र लगभग 80 वर्ष थी. उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली. अभिजीत दिपके फिलहाल दिल्ली पुलिस हिरासत में है.
अभिजीत दिपके मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के निवासी हैं. हिंगोली जिले का संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है, जहां उनके दादा-दादी रहते थे. सावित्रीबाई के निधन से दिपके परिवार और गांव में शोक का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत के माता-पिता छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने आवास 'शंकर सदन' से संतुक पिंपरी गांव के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं.
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को शनिवार को फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया था. दिपके की मां ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है. उन्होंने साफ कहा है कि सरकार ने यह अच्छा नहीं किया. उन्होंने सवाल किया कि देश के लिए काम करने वाले बच्चों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई कौन करता है.
उन्होंने दिपके के हिरासत में लिए जाने पर सवाल किया है कि यह कौन सा न्याय है? दिपके की मां ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि देश के लिए काम करने वाले बच्चों को गिरफ्तार किया जा रहा है जबकि अपराध करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती.
पहले से ही था पुलिस की कार्रवाई का अंदेशा
अभिजीत दीपके की मां ने कहा कि उन्हें पहले से ही डर था कि उनके बेटे को गिरफ्तार किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि जब अभिजीत घर से दिल्ली के लिए निकल रहे थे तब भी उन्होंने उन्हें आगाह किया था कि उनकी गिरफ्तारी हो सकती है. हालांकि, अभिजीत ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि ऐसा कुछ नहीं होगा.