scorecardresearch
 

पहले बहन की सास से अश्लील हरकत, फिर की मारपीट, बहू के भाई की दबंगई CCTV में कैद, जानें पूरा मामला

अकोला में बेटे-बहू के बीच चल रहे कोर्ट केस को लेकर बहू के भाई ने अपनी बहन की बुजुर्ग सास पर हमला कर दिया. आरोपी ने घर के बाहर गाली-गलौज, मारपीट और कथित अश्लील हरकत की. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
X
कोर्ट की रंजिश में बुजुर्ग के साथ बदसलूकी. (Photo: Screengrab)
कोर्ट की रंजिश में बुजुर्ग के साथ बदसलूकी. (Photo: Screengrab)

महाराष्ट्र के अकोला शहर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. खदान थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल नगरी के संतोष नगर में बेटे और बहू के बीच न्यायालय में चल रहे मामले से नाराज बहू के भाई ने अपनी बहन की बुजुर्ग सास के घर पहुंचकर कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और अश्लील हरकत की. पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला अपने पति के साथ संतोष नगर में रहती हैं. उनके बेटे और बहू के बीच पारिवारिक विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है. इसी मामले को लेकर बहू का भाई अतुल भांगे नाराज चल रहा था. आरोप है कि वह पिछले कुछ समय से बुजुर्ग महिला पर कोर्ट में दर्ज प्रकरण वापस लेने का दबाव बना रहा था और लगातार धमकियां भी दे रहा था.

बताया गया कि 6 जुलाई को अतुल भांगे चार पहिया वाहन से महिला के घर पहुंचा. उस समय महिला घर पर अकेली थीं. आरोपी घर के बाहर खड़ा हो गया और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए महिला को धमकाने लगा. उसने कहा कि यदि कोर्ट का मामला वापस नहीं लिया गया तो वह उन्हें जान से मार देगा.

Advertisement

कोर्ट का गुस्सा बुजुर्ग सास पर उतारा

आरोप है कि धमकी देने के बाद आरोपी ने जमीन से पत्थर उठाकर महिला पर हमला करने की कोशिश की. महिला ने इसका विरोध किया तो उसने उनका हाथ पकड़ लिया और उनके साथ कथित अश्लील हरकत की. अचानक हुए इस घटनाक्रम से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी. महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला. हालांकि उसके जाने से पहले हुई पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी.

बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी द्वारा महिला के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट किए जाने की घटना दिखाई दे रही है. यही फुटेज अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है. घटना के बाद पीड़ित महिला खदान पुलिस थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अतुल भांगे के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.

खदान थाना प्रभारी मनोज केदार ने बताया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया गया है. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. उन्होंने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार तलाश कर रही है.

Advertisement

घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद

इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि किसी भी पारिवारिक विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता. लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement