scorecardresearch
 

5 महीने में 50वीं हत्या से कांपा देश का एक शहर, हर तीसरे दिन खूनी वारदात; पुलिस के दावों पर उठे गंभीर सवाल

पत्नी से छेड़छाड़ से तंग आकर पति ने ऑटो चालक राहुल राजपूत की सीमेंट के पत्थर से मारकर हत्या कर दी. इस वर्ष शहर में हुई 50वीं हत्या और चरमराती कानून-व्यवस्था पर पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें...

Advertisement
X
डायमंड सिटी में खौफनाक तरीके से बढ़ा अपराध का ग्राफ.(Photo:ITG)
डायमंड सिटी में खौफनाक तरीके से बढ़ा अपराध का ग्राफ.(Photo:ITG)

गुजरात का आर्थिक केंद्र माना जाने वाला सूरत शहर इन दिनों गंभीर अपराधों और हत्याओं की वजह से सुर्खियों में है. सूरत पुलिस की भारी मौजूदगी और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों के बीच अपराधियों का हौसला इस कदर बुलंद है कि चालू वर्ष 2026 के शुरुआती 5 महीनों में ही शहर में 50 लोगों की हत्या हो चुकी है. यानी हर तीन दिन में औसतन एक व्यक्ति अपनी जान गंवा रहा है. हत्या का ताजातरीन मामला अलथाण इलाके से सामने आया है, जहां एक महिला से सरेराह छेड़छाड़ करने वाले ऑटो रिक्शा चालक को महिला के पति ने सीमेंट के भारी पत्थर से पीट-पीटकर मार डाला.

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ और दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी राजीवकुमार सतीष सिंह ठाकुर (35) उधना इलाके में सिलाई मशीन चलाने का काम करता है. उसकी पत्नी घरेलू कामवाली के रूप में वेसू से पांडेसरा तक कामकाज के लिए आना-जाना करती थी. इसी ट्रांसपोर्टेशन के दौरान उसका परिचय पांडेसरा निवासी ऑटो चालक राहुल राजपूत (27 वर्ष) से हुआ था.

डेढ़ साल से कर रहा था परेशान
राहुल पिछले करीब डेढ़ साल से महिला पर बुरी नीयत रखता था. वह लगातार उसके साथ छेड़छाड़ करता, पीछा करता और बात न मानने पर जान से मारने की धमकियां देता था.

7 जून की वो शाम
7 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे जब महिला मगदल्ला हाईवे पर स्थित 'राजहंस सिंफोनिया' से अपना काम खत्म करके बाहर निकली, तो राहुल ने उसका रास्ता रोक लिया. उसने सार्वजनिक रूप से महिला का हाथ पकड़ लिया और अपने साथ आने के लिए मजबूर करने लगा.

Advertisement

पति ने गुस्से में आकर सिर पर किए तीन वार
राहुल की हरकतों से तंग आकर महिला ने तुरंत अपने पति राजीवकुमार को फोन कर घटनास्थल पर बुला लिया. अपनी पत्नी की परेशानी सुनकर राजीवकुमार तुरंत मगदल्ला हाईवे पर सी.बी. पटेल क्रिकेट ग्राउंड के पास, 'मंगलम हाइट्स' की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंच गया. मौके पर पहुंचते ही दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई. 

गुस्से से आगबबूला हुए पति राजीवकुमार ने आवेश में आकर पास में पड़े सीमेंट के भारी पत्थर उठा लिए और राहुल के सिर पर एक के बाद एक तीन जोरदार वार कर दिए. चोट इतनी गंभीर थी कि उसका सीधा असर दिमाग पर हुआ और राहुल खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
  
इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर एसीपी ZR देसाई ने बताया, "अलथाण पुलिस थाने को कल शाम 7 बजे सूचना मिली थी कि मंगलम हाइट्स के बगल में मारपीट हो रही है.

पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर देखा तो एक युवक औंधा सोया हुआ था और उसके सिर पर गहरी चोट थी. 108 एम्बुलेंस की टीम ने मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई जो पांडेसरा का रहने वाला था. 

Advertisement

इसी बीच डीसीबी क्राइम ब्रांच ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति राजीव सिंह को हिरासत में ले लिया था. मृतक के भाई अशोक सभाजीत सिंह राजपूत की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है."

एसीपी ने यह भी साफ किया कि इससे पहले पीड़ित महिला या उसके परिवार की तरफ से परेशान किए जाने की कोई भी लिखित शिकायत पुलिस तक नहीं आई थी.

सूरत में अपराध के आंकड़े डराने वाले
सूरत पुलिस कमिश्नर कार्यालय के हालिया आंकड़े यह दर्शाते हैं कि सूरत अब सिर्फ 'डायमंड सिटी' या 'टेक्सटाइल सिटी' नहीं रह गया है, बल्कि गंभीर अपराधों का केंद्र बनता जा रहा है. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष हत्या और सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भारी उछाल आया है. हर महीने औसतन 10 मर्डर हो रहे हैं.

सूरत में सार्वजनिक सड़कों पर मामूली बातों को लेकर हत्या की कई वारदातें पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें भाजपा नेताओं समेत कई लोगों की मौत शामिल है. अभी हाल ही में 6-7 जून की रात को भी सिंगलपोर इलाके में दो युवकों के बीच महज  गुटखा खाने के लिए देर रात दुकान खुलवाने की जिद में एक युवक की हत्या कर दी गई थी. इन लगातार हो रही हत्याओं ने सूरत पुलिस की रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement