गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए. ये हादसा अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर लिंबडी के पास हुआ. सामने आया है कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 2:30 बजे एक प्राइवेट बस अहमदाबाद से राजकोट जा रही थी. रास्ते में एक डंपर से टक्कर होने के बाद बस में आग लग गई. बस में 40 लोग सवार थे.
डंपर में पीछे से टकरा गई बस
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है. उनके मुताबिक, अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक प्राइवेट बस हाईवे पर डंपर से टकरा गई. राजमार्ग पर डामर ले जा रहे एक डंपर का टायर अचानक फट गया. इस डंपर का बैलेंस बिगड़ गया और उसकी स्पीड धीमी हो गई. ठीक इसी समय तेज गति से आ रही बस पीछे से डंपर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इससे बस में शॉर्ट-सर्किट होने से आग लग गई.
टक्कर के बाद बस में लगी आग
रात का वक्त होने से बस में कई यात्री सो रहे थे. हादसे के कारण बस में अफरा-तफरी मच गई और आग तेजी से फैली. घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोग भी मदद के लिए मौके पर जुट गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
पुलिस कर रहे मामले की जांच
घायलों को इलाज के लिए राजकोट सिविल अस्पताल रेफर किया गया है. एक मरीज ने बताया, 'यह घटना लिंबडी के पास रात के समय हुई थी. डामर से लदे डंपर और बस के बीच हुई भिड़ंत के बाद बस में आग लग गई. आग लगते ही बस में भगदड़ हो गई और मैं ड्राइवर की सीट से कूदकर बाहर निकल गया, लेकिन अन्य लोग बाहर नहीं निकल पाए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल में रखा गया है . पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है.