देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ होने वाली बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और अरविंद सावंत शामिल नहीं होंगे. उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचना दी है कि वे महाराष्ट्र में एमएलसी चुनाव की तैयारियों की व्यस्तता के चलते इंडिया ब्लॉक के नेताओं की मीटिंग में शामिल नहीं हो सकेंगे. हालांकि उन्होंने पत्र में इंडिया ब्लॉक और राहुल गांधी के नेतृत्व वाले मोर्चे पर अपना स्पष्ट और पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है.
खरगे को पत्र लिखकर ये कहा
शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं संजय राउत और अरविंद सावंत ने खरगे को लिखे पत्र में कहा कि वे अपनी पार्टी की ओर से आपके नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक और राहुल गांधी के नेतृत्व वाले मोर्चे को स्पष्ट और पूर्ण समर्थन" देना चाहते हैं. उन्होंने पत्र में ये भी लिखा कि भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त और भाजपा सरकार में लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के लिए जिम्मेदार लोगों को बेनकाब करने और पद से हटाने के लिए उठाए जा रहे हर कदम का समर्थन करते हैं.
एमएलसी चुनाव के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते समस्या
राउत और सावंत ने कहा कि महाराष्ट्र में आगामी एमएलसी चुनावों के संबंध में पहले से तय कार्यक्रमों के कारण वे इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं. शुक्रवार रात 8.00 बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए उपस्थित नहीं हो पाएंगे. हमारी अनुपस्थिति के लिए क्षमा करें. राष्ट्रपति को इंडिया गठबंधन के इस अभियान के प्रति हमारी पूर्ण एकजुटता से अवगत कराएं. हमारी पार्टी लोकतंत्र और संविधान को बचाने की इस ऐतिहासिक लड़ाई में गठबंधन के साथ हैं.
राष्ट्रपति से मुलाकात कर रखेंगे ये मांग
इंडिया ब्लॉक के नेता आज शाम 8 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इस दौरान नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं और इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग रखेंगे. राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से आज सुबह मुलाकात का समय निर्देशित किया गया है. प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा नेता विपक्ष राहुल गांधी, टीएमसी चेयरपर्सन ममता बनर्जी, सीपीआईएम मुख्य सचिव एमए बेबी व राजद नेता तेजस्वी यादव शामिल रहेंगे.