दिल्ली की हवा में एक बार फिर प्रदूषण का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. रविवार को दिल्ली का औसत AQI गिरकर 187 पर पहुंच गया. पिछले 83 दिनों में ये सबसे खराब स्तर है, हालांकि ये अभी भी 'मध्यम' श्रेणी में आता है.
इससे पहले 13 जुलाई को शहर का AQI इससे ज्यादा यानी 246 दर्ज किया गया था. हवा के बढ़ते खराब स्तर ने आने वाले दिनों के लिए चिंता बढ़ा दी है.
सरकारी ऐप 'समीर' के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 16 निगरानी स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पाई गई. इसमें मुंडका इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां AQI 273 तक पहुंच गया.
नरेला में 275 के आसपास स्थिति दर्ज की गई. राजधानी के 26 स्टेशनों पर हवा 'मध्यम' श्रेणी में रही, जबकि बुराड़ी एकमात्र ऐसा इलाका रहा जहां हवा की गुणवत्ता 'संतोषजनक' पाई गई.
तापमान में भी बढ़ोतरी, गर्मी का अहसास
प्रदूषण के साथ-साथ दिल्ली में मौसम का मिजाज भी गर्म बना हुआ है. रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है. वहीं, न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा है.
अलग-अलग इलाकों की बात करें तो आयानगर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा सफदरजंग में 36.4 डिग्री, लोधी रोड में 36.3 डिग्री और पालम में 34.6 डिग्री तापमान रहा. न्यूनतम तापमान के मामले में रिज इलाका सबसे ठंडा रहा जहां पारा 21 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया.
203 जगहों पर जलाई गई पराली
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के आंकड़ों के मुताबिक, 15 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कुल 203 जगह पराली जलाने के मामले सामने आए हैं. अकेले 3 अक्टूबर को पंजाब में 1, यूपी में 12 और एमपी में 15 मामले दर्ज किए गए.
यह भी पढ़ें: 50% स्टाफ को Work From Home, AQI बढ़ते ही स्कूल हाइब्रिड... दिल्ली-NCR में नया GRAP लागू
दिल्ली में इस सीजन की पहली और इकलौती पराली की घटना 19 सितंबर को दर्ज की गई थी. शाम साढ़े पांच बजे हवा में नमी 51 फीसदी दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है और तापमान 36 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.