scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बंगाल में बुलडोजर एक्शन का बताकर वायरल हो रहे ये वीडियो कहीं और के हैं

सोशल मीडिया पर बुलडोजर एक्शन के नाम पर तीन वीडियो वायरल हो रहे हैं. वीडियो शेयर करने वालों ने दावा किया है कि बंगाल में बीजेपी सरकार बनते ही बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है. आजतक ने इन वीडियो का फैक्ट चेक​ किया है...

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
इन वीडियोज में देखा जा सकता है कि कैसे बंगाल में बीजेपी के आते ही बुलडोजर से तोड़फोड़ शुरू हो चुकी है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये तीनों ही वीडियो बंगाल के नहीं हैं. एक वीडियो बिहार के पूर्णिया का है, वहीं बाकी दोनों बांग्लादेश के वीडियो हैं.

पश्चिम बंगाल का बताकर बुलडोजर एक्शन के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इन्हें शेयर करने वालों का कहना कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनते ही बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हो चुकी है.

दो वीडियो में किसी सड़क पर लोगों की भीड़ और साथ ही एक जेसीबी मशीन को कुछ तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है. वहीं तीसरे वीडियो में सड़क पर बिखरा सामान नजर आ रहा है. लेकिन इन तीनों ही वीडियो का पश्चिम बंगाल से कोई लेना-देना नहीं है. एक-एक करके जानते हैं इनकी असलियत.

बंगाल नहीं बिहार का है ये वीडियो

Fact Check 1st Image

किसी सड़क से गुजरते हुए रिकार्ड किए गए इस वीडियो में एक जेसीबी मशीन सड़क पर कुछ तोड़ते हुए दिखाई दे रही है. वहां कई सारे लोग भी इकट्ठा हैं. इस वीडियो को नई सरकार बनने के बाद बंगाल में बुलडोजर कार्रवाई का बताकर शेयर किया जा रहा है.

वीडियो में एक हॉस्पिटल का फोन नंबर नजर आता है. इस पर संपर्क करने से हमारी बात ‘मन्नत गेटवेल अस्पताल’ के मालिक से हुई. उन्होंने हमें बताया कि ये जगह बिहार के पूर्णिया में है, न कि पश्चिम बंगाल में. उन्होंने बताया कि ये कुछ दिन पहले का ही वीडियो है.

Advertisement

अतिक्रमण के खिलाफ ये कार्रवाई पूर्णिया के डगरुआ इलाके में हुई थी. हमें गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर भी ये लोकेशन मिल गई. इससे साफ हो गया कि ये वीडियो बिहार का है.

Fact Check

बिहार के एक लोकल यूट्यूब चैनल ने इस जगह पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को कवर किया था. प्रभात खबर की रिपोर्ट के मुताबिक एनएच31 के किनारे बने डगरुआ बाजार के पास सड़क के दोनों छोर पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया था.

ये दोनों वीडियो बांग्लादेश के हैं

Fact Check 3rd Image

किसी सड़क के किनारे पर रेहड़ी-पटरी हटाते बुलडोजर का ये वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “पश्चिम बंगाल में भी बुलडोजर गरज रहा है. सब बाबा बुलडोजर का आशीर्वाद है सुवेंदु अधिकारी जी को.

रिवर्स सर्च करने पर हमें ये एक बांग्लादेशी न्यूज आउट्लेट ‘Jono Pokkho’ के 15 अप्रैल के फेसबुक पोस्ट में मिला. पोस्ट के मुताबिक ये वीडियो ढाका के सावर इलाके का है. प्रशासन ने सड़क से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए ये कार्रवाई की थी.

हमें गूगल मैप्स पर भी ये जगह मिल गई. इससे साफ हो गया कि ये वीडियो बांग्लादेश का है, न कि पश्चिम बंगाल का.

इसी तरह एक और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सड़क पर इधर-उधरे बिखरे सामान दिखाई दे रहे हैं. इसे भी बंगाल में बुलडोजर कार्रवाई के बाद का मंजर बताकर शेयर किया जा रहा है.

Advertisement

वीडियो में एक जगह ‘होटल गोल्ड स्टार’ का बोर्ड नजर आता है. सर्च करने पर पता चला कि ये होटल ढाका के मीरपुर में है. ये जगह भी हमें गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर मिल गई.

Fact Check 4th Image

साफ है कि वायरल हो रहे हैं इन तीनों ही वीडियो का पश्चिम बंगाल से कोई लेना-देना नहीं है.

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement