सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी अपनी लग्जूरियस लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते हैं. उनके कपड़े हों, जूते या बैग, हर चीज की कीमत हजारों-लाखों में होती है. उनके पास कई सारे लग्जरी ब्रांड का कलेक्शन है, जिसकी झलक वो अब स्टंट बेस्ड रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी में भी दिखा रहे हैं.
ओरी खतरों के खिलाड़ी के नए सीजन में स्टंट करते हुए तो नजर आए ही, मगर साथ ही उनकी लग्जरी लाइफ के भी चर्चे हुए. नए एपिसोड में उनके 75 लाख रुपये के हर्मीस ब्रांड के साइडबैग पर सबकी नजर गई. ओरी के बैग के बारे में रोहित शेट्टी को पहले पता चला, जिसके बारे में उन्होंने इंफ्लुएंसर से पता किया.
ओरी के लग्जरी बैग्स ने लूटी लाइमलाइट
पहले रोहित ने कहा कि उन्होंने सुना है ओरी के पास 71 लाख रुपये का बैग है. जिसपर ओरी ने जवाब दिया कि ये 71 नहीं, 75 लाख रुपये का बैग है. ये बोलते ही उन्होंने अपने मुंह पर हाथ रख दिया. ये कीमत सुनकर रोहित भी हैरान रह गए. उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में ओरी से पूछा कि उन्होंने इसे कहां से चुराया. अंत में अविनाश ने ओरी के बैग की कीमत सुनते ही कहा कि इतने पैसे तो उन्हें शो जीतने के बाद भी नहीं मिलने वाले. रोहित समेत हर कोई इस बात पर हंसता हुआ नजर आया.
इसके बाद ओरी के एक और लग्जरी बैग की चर्चा हुई. बीते दिन ऑन-एयर हुए एपिसोड में वो एक पिंक हर्मीस साइडबैग के साथ देखे गए, जिसपर रोहित शेट्टी ने उनकी टांग खींची. इस बार उन्होंने उनसे पूछा कि उनका ये बैग कितने का है. ओरी ने पहले कहा कि उनका बैग 22 हजार रुपये का है, जिसपर सब तंज कसने लगे. आगे ओरी ने इसकी कीमत 22 लाख रुपये बताई और कहा कि ये उनकी एक किडनी की कीमत जितना बैग है.
क्या करते हैं ओरी?
ओरी के इन बैग की कीमत सुनकर कई लोगों के होश उड़ गए हैं. कइयों को ये जानने में दिलचस्पी है कि आखिर वो ऐसा क्या करते हैं जिससे वो इतनी लग्जरी भरी लाइफ जीते हैं. ओरी वैसे एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं, जो बड़ी-बड़ी बॉलीवुड पार्टी का हिस्सा बनकर वहां सेलेब्स के साथ फोटो क्लिक कराते हैं. बड़े ब्रैंड्स के साथ उनके कोलैब होते हैं. रिपोर्ट्स की मानी जाए तो ओरी एक पार्टी में आने के लिए 15-25 लाख रुपये लेते हैं. इसके अलावा उनका फैमिली बैकग्राउंड भी मजबूत है. वो एक अमीर घराने से हैं.