टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर रवि शास्त्री जल्द ही कपिल शर्मा के शो में क्रिकेट के मैदान से जुड़े कई मजेदार किस्से सुनाते नजर आएंगे. ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5’ के नए एपिसोड में रवि शास्त्री के साथ पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी पहुंचेंगे. शो का प्रोमो सामने आ चुका है, जिसमें रवि शास्त्री ने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के डेटिंग के दिनों का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया है. उन्होंने बताया कि स्टैंड्स में अनुष्का की मौजूदगी का विराट के खेल पर भी असर पड़ता था.
अनुष्का को देखते ही विराट बन जाते थे ‘योद्धा’?
कपिल शर्मा के सामने रवि शास्त्री ने क्रिकेटरों की निजी जिंदगी और मैच के दौरान पार्टनर की मौजूदगी को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ियों की गर्लफ्रेंड हुआ करती थीं और खिलाड़ियों को मैचों के दौरान अपने पार्टनर को साथ रखने की इजाजत मिलनी चाहिए, क्योंकि उन्हें सपोर्ट की जरूरत होती है.
इसके बाद उन्होंने विराट कोहली का उदाहरण दिया. रवि शास्त्री ने बताया कि एक मैच के दौरान जब अनुष्का शर्मा स्टैंड्स में मौजूद थीं, तो विराट ने जबरदस्त बल्लेबाजी की. शास्त्री के मुताबिक, 26 तारीख को मैच शुरू हुआ और विराट ‘योद्धा’ की तरह मैदान में उतरे और 160 रन ठोक दिए.
विराट ने जब अपना शतक पूरा किया तो उन्होंने अपने बल्ले को चूमा. इसके बाद रवि शास्त्री ने अनुष्का की तरफ इशारा करते हुए विराट के अंदाज की नकल की और बताया कि उन्होंने उन्हें किस किया हुआ इशारा भी किया था. शास्त्री का ये किस्सा सुनकर शो में मौजूद लोग खूब हंसे.
जब विराट-अनुष्का का प्यार था नया-नया
ये वो दौर था जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के रिश्ते की खबरें खूब सुर्खियां बटोरती थीं. दोनों को कई मौकों पर साथ देखा जाता था और क्रिकेट मैचों में अनुष्का की मौजूदगी भी फैंस का ध्यान खींचती थी. ऐसे में रवि शास्त्री का ये पुराना किस्सा एक बार फिर उस दौर की याद दिला रहा है.
प्रोमो में शास्त्री ने इस किस्से को जिस अंदाज में सुनाया, उससे साफ है कि इस एपिसोड में क्रिकेट से जुड़े कई अनसुने और मजेदार राज सामने आने वाले हैं.
ट्रंप बने कृष्णा, कपिल देव के अंदाज में दिखे सुनील ग्रोवर
शो में सिर्फ क्रिकेट की बातें ही नहीं होंगी, बल्कि कॉमेडी का भी भरपूर तड़का लगेगा. कृष्णा अभिषेक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गेटअप में नजर आए. उन्होंने मजाक करते हुए कहा, “मेरे लिए बस चावल, ग्रेवी मंगाना, पीस नहीं.” इसके बाद उन्होंने कहा, “आई डोंट लाइक पीस”, यानी उन्हें ‘शांति’ पसंद नहीं है. उनकी इस कॉमेडी पर दर्शक जमकर हंसते नजर आए.
वहीं सुनील ग्रोवर कपिल देव से प्रेरित अंदाज में दिखाई देंगे. उनका ये अवतार भी दर्शकों को खूब पसंद आया.
IPL पर रवि शास्त्री का मजेदार तंज
एपिसोड के आखिर में रवि शास्त्री ने क्रिकेट की दुनिया में आए सबसे बड़े बदलावों में से एक यानी IPL को लेकर भी मजेदार बात कही. उन्होंने कहा कि उनके खेलने के दिनों में अगर IPL होता तो चीजें काफी अलग होतीं.
शास्त्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि IPL से पहले विदेशी खिलाड़ी भारत आने को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं रहते थे, लेकिन अब जब उन्हें यहां पैसा नजर आता है तो वे खुशी-खुशी ‘नमस्ते’ कहते हुए भारत आ जाते हैं.
कब और कहां देख पाएंगे शो?
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5’ का ये नया एपिसोड शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा. इस सीजन का प्रीमियर 26 सितंबर को हुआ था. इससे पहले शो में ‘दृश्यम’ और ‘वन’ की स्टारकास्ट नजर आ चुकी है. अब सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री की एंट्री के साथ क्रिकेट और बॉलीवुड का ये कॉम्बिनेशन दर्शकों को खूब एंटरटेन करने वाला है.