scorecardresearch
 

'सलमान मेरा पीछा नहीं छोड़ेंगे, जब तक मर नहीं जाऊंगी' एक्स-गर्लफ्रेंड सोमी अली का दावा

सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली ने दावा किया है कि उन्होंने एक्टर को बिश्नोई समाज से माफी मांगने की सलाह दी थी. सोमी का कहना है कि उन्होंने सलमान और बिश्नोई समाज, दोनों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

Advertisement
X
सलमान से मूव-ऑन नहीं कर पा रही सोमी अली (Photo: ITGD)
सलमान से मूव-ऑन नहीं कर पा रही सोमी अली (Photo: ITGD)

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस सोमी अली का नया बयान है. सोमी ने दावा किया है कि उन्होंने सलमान को निजी तौर पर मैसेज करके बिश्नोई समाज से माफी मांगने की सलाह दी थी, लेकिन एक्टर ने उनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया.

'मैंने सलमान को खुद मैसेज किया था'

सोमी अली ने निधि वासंदानी से बातचीत में कहा कि उन्होंने सलमान खान के प्राइवेट नंबर पर मैसेज भेजा था.

सोमी बोलीं- मैंने सलमान खान को उनके प्राइवेट नंबर पर टेक्स्ट किया था. मैंने उनसे कहा था कि अभी भी वक्त है. आप बिश्नोई समाज के मंदिर में जाकर माफी मांग लीजिए. आपने जो गलत किया है, उसके लिए माफी मांग लीजिए. सब ठीक हो जाएगा. लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी.

सोमी ने बताया कि उन्होंने सिर्फ सलमान से ही नहीं, बल्कि बिश्नोई समाज से भी अपील की थी. उन्होंने कहा- मैंने बिश्नोई समाज वालों से भी कहा कि सलमान की जान लेने से आपका ब्लैक बक यानी काला हिरण वापस नहीं आएगा. मैं सलमान की तरफ से हाथ जोड़कर विनती करती हूं कि उन्हें माफ कर दीजिए. मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन मुझे उनकी तरफ से कोई रिएक्शन नहीं मिला.

Advertisement

'वो मेरा पीछा नहीं छोड़ेंगे...'

पूछे जाने पर किया कि आप क्यों उनसे माफी मंगवाना चाहती हैं, आप मूव-ऑन क्यों नहीं कर पा रहीं? सोमी ने कहा- वह मुझे जीने नहीं दे रहा है. प्रॉब्लम यही है. अभी जब गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोली चली थी, सलमान दुबई भाग गए थे. दुबई में उन्होंने मेरी सौतेली बहन, जिससे मेरी बात नहीं होती, उससे जाकर मिले. उनके बेटे के खोले स्कूल का इनॉग्रेशन किया. वह कहीं न कहीं से मुझसे कनेक्ट रहने का मौका ढूंढ लेते हैं. उन्हें वैसा करने की जरूरत नहीं थी.

सोमी के मुताबिक सलमान मौका ढूंढते हैं उन्हें परेशान करने का. वो उन्हें आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं. बातचीत के दौरान सोमी ने अपनी चिंता भी जाहिर की. उन्होंने कहा- वो मेरा पीछा नहीं छोड़ेंगे, जब तक मैं मर नहीं जाऊंगी. इसके साथ ही उन्होंने सलमान खान को लेकर यह भी कहा कि सलमान सबसे बड़ा कंजूस है.

क्या है ब्लैक बक (काला हिरण) मामला?

यह मामला 1998 का है, जब फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान राजस्थान के जोधपुर में सलमान खान पर दो काले हिरण (ब्लैक बक) के शिकार का आरोप लगा था. बिश्नोई समाज काले हिरण को पवित्र मानता है, इसलिए इस मामले को लेकर लंबे समय से विरोध होता रहा है.

Advertisement

साल 2018 में जोधपुर की एक अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 5 साल की सजा सुनाई थी. हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई और मामला अब भी अदालत में लंबित है. इसी केस को लेकर पिछले कुछ वर्षों में सलमान को कई बार कथित धमकियां भी मिल चुकी हैं.

सलमान और सोमी का विवाद क्या है?

सोमी अली और सलमान खान का रिश्ता 1990 के दशक में काफी चर्चा में रहा था. दोनों कई साल तक रिलेशनशिप में रहे, लेकिन बाद में उनका ब्रेकअप हो गया.

ब्रेकअप के बाद सोमी कई बार सलमान पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं. उन्होंने इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया कि रिश्ते के दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. वहीं सलमान खान ने इन आरोपों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है. दोनों के बीच यह विवाद कई सालों से सुर्खियों में बना हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement