रणवीर सिंह इस साल सबसे ज्यादा चर्चित एक्टर्स में एक हैं. 'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ भारतीय सिनेमा पर इतिहास रचने वाले रणवीर देश के सबसे बड़े सितारे बन गए हैं. इस बीच उनका एक नया विज्ञापन वायरल हो रहा है. नए वीडियो में रणवीर को अपने ससुर और पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करते देखा जा सकता है. दोनों की मजेदार केमिस्ट्री फैंस का दिल जीत रही है. इस वीडियो में 'धुरंधर' से जुड़ी 'पीक डिटेलिंग' भी है, जिसे यूजर्स ने नोटिस कर वायरल कर दिया है.
रणवीर के वीडियो में पीक डिटेलिंग
विज्ञापन में रणवीर सिंह और प्रकाश पादुकोण को अलग-अलग सेटअप में देखा जा सकता है. दोनों एक बैंक के कार्ड को लेकर बात कर रहे हैं. मगर उनके बैकग्राउंड में कुछ ऐसा है, जिसे यूट्यूबर ध्रुव राठी पर तंज माना जा रहा है. रुपये (RuPay) का यह विज्ञापन रणवीर सिंह को प्रकाश पादुकोण से बात करते दिखाता है. रणवीर बताते हैं कि इस ऐप से हर जगह पेमेंट किया जा सकता है. टॉय स्टोर, जिम, थिएटर और अन्य कई जगहों पर. एक सीन में जब रणवीर और प्रकाश थिएटर में होते हैं, तो बैकग्राउंड में रणवीर सिंह की एक फिल्म का पोस्टर दिखता है. पोस्टर पर लिखा है- 'बवंदर: द टॉर्नेडो'.
फैंस ने तुरंत इसे नोटिस किया. यूजर्स का कहना है कि ये पोस्टर जानबूझकर रखा गया है. ये ध्रुव राठी पर तंज है. ध्रुव राठी ने अपनी वीडियो में 'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' की आलोचना करते हुए एक काल्पनिक फिल्म 'ऑपरेशन भवंदर' का नाम लिया था. अपने वीडियो में यूट्यूबर ने दोनों फिल्मों को सत्ताधारी पार्टी का 'प्रोपगैंडा' बताया था.
रणवीर सिंह के इस नए ऐड पर एक फैन ने लिखा, 'हमजा के साथ कभी भी पंगा मत लेना.' दूसरे ने कमेंट किया, 'यह तो बहुत मेटा जोक है… भवंदर…' एक और कमेंट किया, 'रणवीर सिंह ने अपने लेटेस्ट ऐड में ध्रुव राठी के भवंदर को रोस्ट कर दिया, जो उन्होंने धुरंधर की आलोचना करते हुए बनाया था. रणवीर की पीक डिटेलिंग…'
इस विज्ञापन में और भी बहुत-सी डिटेल्स हैं. इसके एक सीन में रणवीर सिंह और प्रकाश पादुकोण, जेंटलमेन्स क्लब में बैडमिंटन रैकेट्स के साथ दिख रहे हैं. ये प्रकाश पादुकोण के करियर की ओर इशारा है. रणवीर, प्रकाश को 'पाप्पा' कहकर पुकारते हैं. ठीक वैसे ही जैसे दीपिका पादुकोण अपने पिता को बुलाती हैं. एक सीन और में वे एक आइसक्रीम शॉप में हैं, जहां रणवीर एक रंग-बिरंगे यूनिकॉर्न को पकड़े हुए हैं. यह एक्टर के 'गर्ल डैड' होने की तरफ प्यारा-सा इशारा है.
ध्रुव ने क्या कहा था?
यूट्यूबर ध्रुव राठी ने अपनी पिछली वीडियो में रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' को 'नॉनसेंस प्रोपगैंडा' बताया था. 'धुरंधर 2' रिलीज होने के बाद उन्होंने एक और वीडियो में फिल्म की आलोचना की और कहा था, 'धुरंधर 2 मनोरंजन के लिए नहीं बनी फिल्म है. यह भाजपा का सबसे महंगा चुनावी विज्ञापन है, जिसे देखने के लिए आपको 500 रुपये देने पड़ते हैं.' उन्होंने फिल्म में डेमोनीटाइजेशन की तारीफ को भी आर्थिक अराजकता को छिपाने का प्रयास बताया था.