scorecardresearch
 

'कौन हैं राम?', रणबीर कपूर का कुमार विश्वास से सवाल, 1 घंटे तक किया मंथन, क्या मिला जवाब

'रामायण' के प्रीव्यू इवेंट में कुमार विश्वास ने रणबीर कपूर से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि रणबीर ने उनसे पूछा था, 'राम भगवान हैं या मनुष्य?' करीब एक घंटे की चर्चा के बाद एक्टर ने कहा, 'राम सबकुछ हैं.'

Advertisement
X
कौन हैं राम? रणबीर के सवाल पर क्या बोले कुमार विश्वास (Photo: Screengrab)
कौन हैं राम? रणबीर के सवाल पर क्या बोले कुमार विश्वास (Photo: Screengrab)

नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर रिलीज से पहले दिल्ली के भारत मंडपम में फिल्म का एक खास प्रीव्यू इवेंट रखा गया. इस दौरान कवि और गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने रणबीर कपूर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे.

रणबीर के मासूम सवाल

कुमार विश्वास ने बताया कि फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर अपने रोल को लेकर काफी गंभीर थे. उन्हें जब भी कोई दुविधा होती थी, वह फोन करके सवाल पूछते थे ताकि किरदार को सही तरीके से समझ सकें.

उन्होंने कहा- रणबीर बार-बार बहुत अच्छे सवाल पूछते थे. एक दिन उन्होंने बड़ी मासूमियत से मुझसे पूछा- 'सर, एक छोटी-सी बात पूछूं?' मैंने कहा- पूछो. फिर उन्होंने पूछा- 'राम भगवान हैं या मनुष्य हैं?'

कुमार विश्वास ने बताया कि इस सवाल पर दोनों के बीच करीब एक घंटे तक लंबी चर्चा हुई. बातचीत खत्म होने के बाद उन्होंने रणबीर से पूछा, "अब बताओ, क्या समझे? राम भगवान हैं या मनुष्य?" इस पर रणबीर कपूर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "सर, अब मैं समझ गया हूं... राम सबकुछ हैं."

Advertisement

कुमार विश्वास ने कहा कि रणबीर का यही जवाब बताता है कि उन्होंने भगवान राम के चरित्र की गहराई को समझने की पूरी कोशिश की.

मंच पर हुई मजेदार नोकझोंक

इवेंट के दौरान कुमार विश्वास और योग गुरु बाबा रामदेव के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक भी देखने को मिली. कुमार विश्वास ने मजाक में कहा- ये बात वो महाराज जी कह रहे हैं, जिनका खुद दो लाख करोड़ रुपये का कारोबार है.

इस पर बाबा रामदेव ने हंसते हुए जवाब दिया, "इनकी नजर तो इसी पर रहती है कि पतंजलि का उत्तराधिकारी बन जाए. मैंने एक दिन कह दिया कि अगर उत्तराधिकारी बनना है तो योगियों की तरह सुबह 4 बजे उठना पड़ेगा.''

बाबा रामदेव की बात सुनते ही कुमार विश्वास ने भी तुरंत चुटकी ली और कहा, "मैं तो यही सोच रहा हूं कि जिसका बाप दो लाख करोड़ का कारोबारी है, वो आखिर सो क्यों रहा है." इस मजेदार बातचीत पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा.

'रामायण' में दिखेगी सितारों की बड़ी फौज

नितेश तिवारी की 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम और परशुराम की भूमिका निभा रहे हैं. साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म के गानों के बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं, जबकि संगीत की जिम्मेदारी ए.आर. रहमान और हांस जिमर ने संभाली है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement