मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें तेजी से फैल रही हैं. इस बीच कहा जा रहा है कि मौनी ने अपने इंस्टा अकाउंट से सूरज संग तस्वीरें डिलीट कर दी हैं. साथ ही सूरज ने इन खबरों से तंग आकर अपना सोशल मीडिया अकाउंट डिएक्टीवेट कर दिया है.
दरअसल, बीते दिनों फैंस ने नोटिस किया कि दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है. इसी बीच मौनी और सूरज का आखिरी पब्लिक अपीयरेंस वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दिशा की वजह से टूट रहा मौनी-सूरज का रिश्ता?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौनी रॉय और सूरज नांबियार आखिरी बार जनवरी 2026 में साथ नजर आए थे. दोनों उदयपुर में हुई नुपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन की शादी में पहुंचे थे. उस दौरान उनके साथ दिशा पाटनी भी थीं. एयरपोर्ट पर तीनों को स्पॉट किया गया था.
हालांकि, वायरल वीडियो में लोगों का ध्यान इस बात ने खींचा कि मौनी और सूरज साथ में तस्वीरें खिंचवाने से बचते नजर आए. वीडियो में सूरज, दिशा के साथ बात करते हुए चलते दिखे, जबकि दूसरी तरफ मौनी पैपराजी से परेशान नजर आईं.
बताया जा रहा है कि मौनी ने पैपराजी से कहा भी कि वो जाकर दिशा की तस्वीरें लें. लेकिन इसके बावजूद फोटोग्राफर्स उनका पीछा करते रहे, जिससे वो और ज्यादा नाराज हो गईं. वीडियो में मौनी बार-बार हाथ जोड़कर प्राइवेसी देने की अपील करती दिखीं.
अब जब दोनों के तलाक की खबरें सामने आ रही हैं, तो फैंस उनके इसी आखिरी अपीयरेंस को जोड़कर देख रहे हैं. कई लोगों का मानना है कि जनवरी 2026 से ही दोनों के रिश्ते में दिक्कतें शुरू हो गई थीं. हालांकि, अब तक ना मौनी और ना ही सूरज ने इन खबरों पर कोई बयान दिया है.
मौनी ने डिलीट की सूरज संग फोटोज?
मौनी और सूरज के अनफॉलो करने की खबर के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने और पड़ताल शुरू कर दी. इसी दौरान कुछ लोगों ने देखा कि दिशा पटानी ने भी सूरज नांबियार को अनफॉलो कर दिया है. इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तरह-तरह की बातें होने लगीं.
कुछ पोस्ट में यूजर्स ने दावा किया कि सूरज ने मौनी को धोखा दिया है. इसके अलावा, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि मौनी रॉय ने अपने इंस्टाग्राम से सूरज के साथ वाली सारी तस्वीरें डिलीट कर दी हैं. हालांकि मौनी के इंस्टा सूरज संग शादी की तस्वीरें मौजूद हैं.
अगर मौनी रॉय का इंस्टाग्राम देखा जाए, तो उन्होंने अब तक सूरज के साथ अपनी तस्वीरें डिलीट नहीं की हैं. उनके अकाउंट पर अप्रैल 2024 तक की सूरज के साथ फोटो मौजूद हैं और शादी की तस्वीरें भी अभी दिखाई दे रही हैं. लेकिन इन सभी चर्चाओं के बीच सूरज ने अपने इंस्टा अकाउंट को जरूर डिएक्टीवेट कर दिया है.
जब सूरज संग रिश्ते पर बोली थीं मौनी
अपने रिश्ते पर बात करते हुए मौनी ने इसकी खूबसूरती बताई थी, वो बोली थीं- हमारे रिश्ते की खूबसूरत ही ये है कि हम बहुत अच्छे दोस्त हैं. मैं उनके पास कभी भी किसी भी वक्त जा सकती हूं. वो मेरे पास किसी भी दिक्कत के लिए कभी भी आ सकते हैं. ये वो चीज है जो मुझे लगता है कि सम्मान और भरोसे के अलावा सबसे जरूरी है किसी भी रिश्ते में.
एक्ट्रेस ने कहा- ईगो या घमंड आएगा तो कोई भी रिश्ता काम ही नहीं करेगा. आप अपने दोस्तों के बीच भी अगर ईगो रखोगे तो वो दोस्ती नहीं चल पाएगी.
मौनी और सूरज ने 27 जनवरी 2022 में गोवा में सात फेरे लिए थे. कपल का प्यार कोविड के दौरान परवान चढ़ा था. लंबे समय तक डेट करने के बाद दोनों ने शादी की थी.