scorecardresearch
 

NEET Protest: छात्रों के गुस्से के आगे झुका बॉलीवुड या सलमान बने 'गेम चेंजर'? एक-एक कर बोलने लगे सितारे

NEET पेपर लीक विवाद पर पहले कुछ ही बॉलीवुड सितारे बोले थे, लेकिन सलमान खान के पोस्ट के बाद करीना कपूर, आलिया भट्ट, वरुण धवन और अनन्या पांडे समेत कई स्टार्स ने छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी. सोशल मीडिया पर अब नई बहस छिड़ गई है.

Advertisement
X
NEET आंदोलन पर सितारों ने तोड़ी चुप्पी (Photo: ITGD)
NEET आंदोलन पर सितारों ने तोड़ी चुप्पी (Photo: ITGD)

NEET पेपर लीक विवाद और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल अब सिर्फ छात्र आंदोलन नहीं रहे, बल्कि देशव्यापी बहस का विषय बन चुके हैं. पिछले 26 दिनों से सड़कों पर छात्रों का गुस्सा दिखाई दे रहा है और सोशल मीडिया पर भी यही मुद्दा छाया हुआ है. शुरुआत में जहां सिर्फ कुछ चुनिंदा फिल्मी सितारे ही छात्रों के समर्थन में सामने आए थे, वहीं अब ऐसा लग रहा है कि बॉलीवुड में जैसे चुप्पी टूटने की होड़ लग गई है.

हालांकि, यह महज संयोग है या कुछ और, लेकिन सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प चर्चा जरूर छिड़ी हुई है. लोगों का कहना है कि 22 जुलाई की रात सलमान खान के पोस्ट के बाद अचानक एक-एक कर कई बड़े सितारे छात्रों के समर्थन में खुलकर बोलने लगे. इसकी कोई पुष्टि नहीं है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हैं, लेकिन टाइमिंग ने लोगों को बातें करने का मौका जरूर दे दिया है.

सलमान ने क्या कहा था?

सलमान खान ने अपने पोस्ट में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन की तारीफ करते हुए कहा था कि पेपर लीक बहुत गंभीर मामला है और छात्रों ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए साहस दिखाया है. बाद में उन्होंने एक और पोस्ट में छात्रों से घर लौटने की अपील की और भरोसा जताया कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने सोनम वांगचुक से भी भूख हड़ताल खत्म कर कुछ खा लेने की भावुक अपील की थी.

Advertisement

आने लगे एक के बाद एक रिएक्शन

सलमान के पहले पोस्ट के बाद करीना कपूर, वरुण धवन, आलिया भट्ट और अनन्या पांडे समेत कई बड़े सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी राय रखी. इन सभी ने अलग-अलग शब्दों में छात्रों के संघर्ष, निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था और उनकी आवाज सुने जाने की जरूरत पर जोर दिया.

करीना कपूर ने लिखा कि वह कई दिनों से चुप थीं, लेकिन अब और चुप नहीं रह सकतीं. उन्होंने कहा कि जब बच्चों को अपनी मेहनत और शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा नहीं रहता, तो सबसे बड़ा नुकसान देश के भविष्य का होता है. उनके मुताबिक, हर बच्चे को ऐसी व्यवस्था मिलनी चाहिए जहां मेहनत और योग्यता का सम्मान हो.

वरुण धवन ने छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि जब एक छात्र का सपना टूटता है तो पूरा परिवार टूट जाता है. उन्होंने अधिकारियों से छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और निष्पक्ष समाधान निकालने की अपील की. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन छात्रों के मुद्दों तक ही सीमित रहना चाहिए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का अधिकार है.

आलिया भट्ट ने लिखा कि छात्रों का साहस उन्हें उम्मीद देता है. उनके मुताबिक, हर प्रदर्शनकारी छात्र के पीछे एक परिवार का सपना और वर्षों की मेहनत छिपी होती है. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ आज के छात्रों की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की भी है.

Advertisement

वहीं अनन्या पांडे ने नई पीढ़ी यानी Gen Z की तारीफ करते हुए कहा कि यह वह पीढ़ी है जो अन्याय को सामान्य मानने के लिए तैयार नहीं है. उनके मुताबिक, सवाल पूछना बगावत नहीं बल्कि बेहतर भविष्य की उम्मीद है.

पहले क्यों थी चुप्पी?

इससे पहले शबाना आजमी, सोनू सूद, प्रकाश राज, दीया मिर्जा जैसे कलाकार खुलकर छात्रों के समर्थन में उतर चुके थे. लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे थे कि आर. माधवन, कैटरीना कैफ, विराट कोहली, अनुष्का शर्मा जैसे कई बड़े सितारे अब तक चुप क्यों हैं. हालांकि नाम लिए जाने के बाद माधवन ने अपना रिएक्शन शेयर किया. लेकिन अब भी कई सितारे मौन धारण किए हुए हैं. 

अब जब लगातार बड़े नाम सामने आ रहे हैं, तो इंटरनेट पर यह बहस भी तेज हो गई है कि क्या यह सिर्फ संयोग है या फिर सलमान खान के खुलकर बोलने के बाद बाकी सितारों को भी अपनी बात रखने का भरोसा मिला. इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है, लेकिन इतना जरूर है कि अब बॉलीवुड में छात्रों के मुद्दे पर चुप्पी पहले जैसी नहीं रही. सोशल मीडिया पर यही चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है कि क्या छात्रों के आक्रोश ने सितारों को बोलने पर मजबूर किया, या फिर सलमान खान के सामने आने के बाद बाकी कलाकारों का डर भी खत्म हो गया?
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement